
BIHAR:- ऐतिहासिक धूप घड़ी का प्लेट कबाड़ी के घर से बरामद
पटना/डेहरी ऑन सोन- 12 फरवरी। बिहार में रोहतास जिले के नगर थाना क्षेत्र के एनीकट स्थित ऐतिहासिक धूप घड़ी की प्लेट को पुलिस ने मोहन बीघा स्थित एक कबाड़ी के घर से बरामद किया है। कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया है। धूप घड़ी के शंकु को पुनः स्थापित किया जाएगा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। एसपी आशीष भारती ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि चोरी गई ऐतिहासिक धूप घड़ी के शंकु (नोमून) की शीघ्र बरामदगी एवं अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर अनुसंधान प्रारंभ किया। एसडीपीओ नवजोत सिमी के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष डेहरी नगर थाना राजीव रंजन एवं अन्य पुलिस अधिकारियों की एक टीम का गठन किया गया था।
एसपी ने बताया कि एसआईटी टीम अपराधियों के ठिकानों का पता लगाकर लगातार संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में उन्हें गुप्त सूचना मिली की चोरी गई प्राचीन धूप घड़ी के शंकु को स्थानीय किसी कबाड़ी को बेचा गया है। उन्होंने इसके सत्यापन व अवश्य कार्रवाई के लिए एसआईटी को डेहरी नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न कबाड़ी गोदाम में छापेमारी के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान मोहन बीघा स्थित कबाड़ी व्यवसाई मानिक चंद गुप्ता के घर से ऐतिहासिक धूप घड़ी को बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि कबाड़ मालिक मानिकचंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित ने बताया कि धूप घड़ी के शंकु को एक अज्ञात कंगाली से दो हजार रुपये में खरीदे हैं, जिसे ऊंचे दाम में बेचने के लिए घर में छुपा कर रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि उक्त अज्ञात कंगाली की पहचान कर उसके ठिकानों का पता लगाकर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी किया जा रहा है। गिरफ्तार कबाडी के अपराधिक इतिहास का पता किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि आज ही इसे कोर्ट से रिलीज कराकर धूप घड़ी के चबूतरे पर स्थापित किया जाए लेकिन न्यायालय के सेकंड शनिवार के बंद होने के कारण बरामद धूप घड़ी का प्लेट न्यायालय से रिलीज नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि जल्द ही इसे निर्धारित स्थल पर पुनः स्थापित किया जाएगा ।इसके सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। यहां सीसीटीवी और लाइट लगाया जाएगा।
पुरस्कृत किए गए टीम के सदस्य
एसआई टीम में शामिल नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, एसआई सुभाष कुमार, विकास कुमार, सआनि धनराज सिंह, सिपाही राजीव कुमार राय, राजकिशोर सिंह, उमेश कुमार शर्मा, चालक सिपाही सर्वजीत कुमार व रोशन कुमार को धूप घड़ी के शंकु को 48 घंटे के अंदर बरामद करने के लिए एसपी ने पुरस्कृत किया। उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार की रात 151 वर्ष पुराने ऐतिहासिक धूप घड़ी के शंकु को अज्ञात अपराधियों ने चोरी कर लिया था ।



