
कमला नदी पर बन रहे आधुनिक बराज दो वर्षों में हो जाएगा तैयार,मधुबनी एवं दरभंगा के 12 लाख की आबादी होगी लाभान्वितः मंत्री
मधुबनी-12 फरवरी। शनिवार को जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने जयनगर में कमला नदी पर बन रहे अत्याधुनिक बराज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। तथा मौके पर उन्होंने अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को श्री झा ने निर्धारित समय में बराज का निर्माण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद मंत्री श्री झा ने बताया कि जयनगर बराज का निर्माण अगले दो वर्ष में पूरा हो जाएगा। इससे बड़े क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा के साथ-साथ बाढ़ से भी राहत मिलेगी। इस बराज के बन जाने पर कुल 29,559 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी। इसके अलावा बराज बनने से नदी में जल प्रवाह का वाटर वे 292.5 मीटर से बढ़कर 550 मीटर हो जाने से बाढ़ अवधि में भी नदी के जलस्तर में कम वृद्धि होगी। जिससे बड़ी आबादी को बाढ़ से राहत मिलेगी। मालुम हो कि जयनगर बराज का कार्यारंभ दिसंबर 2021 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जयनगर में किया था।
मधुबनी एवं दरभंगा के 12 लाख की आबादी को मिलेगा लाभ—
जल संसाधन मंत्री ने बताया कि इस योजना से दरभंगा एवं मधुबनी जिले के 8 प्रखंडों की करीब 12 लाख आबादी के साथ-साथ करीब 0.48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को बाढ़ से होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी। कमला बलान बायां एवं दायां तटबंध के उच्चीकरण,सुदृढ़ीकरण और पक्कीकरण कार्य (फेज-1) के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा पिपराघाट (कमला बलान बायां तटबंध के किमी 27.10 से दायां तटबंध के किमी 23.20) से ठेंगहा पुल (कमला बलान बायां तटबंध के किमी 66.30 एवं दायां तटबंध के किमी 64.00) तक 80 किमी लंबाई में तटबंध को ऊंचा कर उस पर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इससे मधुबनी जिले के झंझारपुर,लखनौर,बाबूबरही, अंधराठाढ़ी,मधेपुर,राजनगर प्रखंड क्षेत्र के लोगों को फायदा पहुंचेगा। इसी तरह दरभंगा जिले के ताराडीह एवं घनश्यामपुर प्रखंड के निवासी लाभान्वित होंगे। इन प्रखंडों के लोगों को जयनगर तक जाने-आने के लिए तटबंध के रास्ते पक्की सड़क का वैकल्पिक मार्ग भी मिल जाएगा। इससे बड़ी आबादी को आवागमन सुगम हो जाएगी। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस योजना पर 325.10 करोड़ खर्च होगा।



