
ललन सिंह ने फिर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग की
पटना- 10 फरवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से समाजवादी सिद्धांतों का आर्दश बताने पर जदयू ने उनका आभार तो जताया है लेकिन प्रधानमंत्री से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग नहीं छोड़ी है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पीएम मोदी द्वारा नीतीश कुमार की सराहना करने वाला उनका वीडियो शेयर किया है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी कह रहे हैं कि आज समाजवाद परिवारवाद बन चुका है। लोहिया और जेपी के परिवार के कोई भी व्यक्ति राजनीति में नहीं दिखते यही सच्चा समाजवाद है। इस दौरान पीएम मोदी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लेकर कहते हैं कि हमारे साथी नीतीश कुमार सच्चे समाजवादी हैं। उनके परिवार का कोई व्यक्ति राजनीति में नहीं है। मोदी ने समाज की जल, शिक्षा जैसी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के संकल्प को समाजवाद बताया और लोहिया-जेपी के साथ नीतीश कुमार की सराहना की ।
इसके बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने केंद्र सरकार से फिर बिहार के लिए विशेष दर्जा की मांग की है। उन्होंने आज ट्वीट किया कि पीएम मोदी, महान लोहिया-जेपी,जॉर्ज फ़र्नान्डिस व कर्पूरी को आदर्श मानकर नीतीश कुमार ने बिहारवासियों को ही परिवार माना और उनकी सेवा की। “सामाजिक न्याय के साथ विकास” का अभूतपूर्व मॉडल भी दिया। ललन सिंह ने कहा कि हर घर शिक्षा,सड़क, बिजली और शुद्ध नल-जल नीतीश से पहले शायद ही किसी व्यक्ति की सोच रही हो। विकास और बदलाव जगजाहिर है। विपरीत परिस्थितियों में भी बिहार तीव्रता से आगे बढ़ा है। अंत में उन्होंने बिहार के विशेष दर्जे की मांग को जोड़ते हुए लिखा है कि विशेष राज्य का दर्जा मिलने से राष्ट्रीय औसत को शीघ्र छू लेगा। देश के प्रधान बिहार पर दें ध्यान ।



