
मेरठ जनपद की 07 सीटों पर 65.39 प्रतिशत मतदान
मेरठ- 10 फरवरी। मेरठ जनपद की 07 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को औसतन 65.39 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचितापूर्ण ढंग से मतदान संपन्न होने की बात कही है। जिला निर्वाचन अधिकारी के. बालाजी ने बताया कि विधानसभा चुनाव में गुरुवार को जनपद की सभी सातों विधानसभाओं में कुल मिलाकर औसतन 65.39 प्रतिशत मतदान हुआ। 43-सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में 69 प्रतिशत, 44-सरधना क्षेत्र में 63.90 प्रतिशत, 45-हस्तिनापुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में 65 प्रतिशत, 46-किठौर क्षेत्र में 70.13 प्रतिशत, 47-मेरठ कैन्ट में 61.08 प्रतिशत, 48-मेरठ शहर में 65.73 प्रतिशत तथा 49-मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 62.90 प्रतिशत मतदान हुआ।
पिछले दो चुनावों के मुकाबले इस बार के चुनाव में मतदान प्रतिशत में मामूली उतार-चढ़ाव रहा। सिवालखास विधानसभा सीट पर 2012 में 65.69 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि 2017 में यह बढ़कर 71.45 प्रतिशत हो गया। 2022 में इस सीट पर मतदान प्रतिशत घटकर 69 प्रतिशत रह गया। सरधना सीट पर 2012 में 72.46 प्रतिशत वोट डाले गए थे, जबकि 2017 में 71.28 प्रतिशत लोगों ने अपना वोट डाला। 2022 में इस सीट पर मतदान प्रतिशत घटकर 63.90 प्रतिशत रह गया।
हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में 2012 में 61.60 प्रतिशत, 2017 में 67.36 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2022 में इस सीट पर 65 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। किठौर सीट पर 2012 में 66.37 प्रतिशत वोट डाले गए। जबकि 2017 में 72.12 प्रतिशत लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया। 2022 में मतदान प्रतिशत घटकर 70.13 प्रतिशत रह गया।
मेरठ कैंट सीट पर 2012 में 58.62 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। 2017 में 60.33 प्रतिशत वोटरों ने अपना मत डाला था। 2022 में यह मामूली रूप से बढ़कर 61.08 प्रतिशत हो गया। मेरठ शहर में 2012 में 64.26 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि 2017 में मतदान प्रतिशत बढ़कर 64.59 हो गया। 2022 में मतदान में मामूली सुधार हुआ और यह आंकड़ा 65.73 प्रतिशत तक पहुंच गया।
मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट पर 2012 में 61.57 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि 2017 में 63.57 प्रतिशत वोट डाले गए। 2022 में यह आंकड़ा 62.90 प्रतिशत तक पहुंच गया।



