रांची- 11 नवंबर। झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुक्रवार को बुलाया गया है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही झारखंड में विभिन्न पदों एवं सेवाओं की रिक्तियों में आरक्षण संशोधन विधेयक 2022 को सदन में पेश किया गया। इसके बाद भाजपा के विधायक हंगामा करने लगे।
भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि स्पीकर महोदय सिर्फ भाजपा ही नहीं पूरी एनडीए 1932 आधारित स्थानीयता और ओबीसी आरक्षण के समर्थन में है, लेकिन इस संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा बहुत जरूरी है। हालांकि, स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि वह संशोधन पर चर्चा करेंगे। आपको संशोधन डालना चाहिए था। आपको पर्याप्त समय मिला था।
भानु प्रताप शाही लगातार हंगामा कर रहे थे। तब स्पीकर ने कहा कि आप आरक्षण पर आक्रोशित मत होइए भानु जी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि पता नहीं क्या खाकर आए हैं भानु जी। सदन में बहुत ही हल्ला करते हैं।
