
समाधान यात्रा के तहत कटिहार पहुंचे मुख्यमंत्री के विरुद्ध लोगों ने की नारेबाजी
पटना- 05 फरवरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को समाधान यात्रा के 19वें दिन कटिहार में थे। उन्होंने बिहार सरकार की सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और विकास कार्यों का भी जायजा लिया। समाधान यात्रा से लौटते वक्त डिघरी में लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों की नाराजगी मुख्यमंत्री से न मिल पाने के चलते थी।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब मुख्यमंत्री लोगों से मिल ही नहीं रहे हैं तो किस बात का समाधान कर रहे हैं। पब्लिक से मिलेंगे तभी तो समस्या का समाधान निकालेंगे। बिना मिले किस बात का समाधान कर रहे हैं, यह समझ से परे हैं। कुछ लोगों का कहना था कि जो घूसखोर है उसी से मुख्यमंत्री मिल रहे हैं लेकिन हमलोगों से बिना मिले ही लौट रहे हैं। इसी बात को लेकर लोग नाराज हैं।
गुस्साए लोगों ने कटिहार कोढ़ा मुख्य मार्ग के डिघरी चौक पर समाधान यात्रा के दौरान लगाए पोस्टर को फाड़ डाला और उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान लोगों ने कटिहार समाहरणालय के पास माले विधायक की गाड़ी को रोक दिया। इस भीड़ में युवक भी शामिल थे। युवकों का कहना था कि पढ़-लिखकर नौकरी नहीं मिलेगी तब पढ़ने से क्या फायदा ? पढ़-लिखकर लोग चाय और सब्जी बेच रहे हैं और कोई खेती कर रहा है। किसी को भी नौकरी नसीब नहीं हो पा रही है। क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यही समाधान निकाल रहे हैं। वे किस बात का समाधान कर रहे हैं। इसी बात का लोग विरोध कर रहे है।



