
जरूरत पड़ी तो ATS करेगा भागलपुर विस्फोट की जांच: DGP
पटना- 04 मार्च। बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संजीव कुमार सिंहल ने भागलपुर की घटना पर मीडिया के साथ बातचीत में बताया कि फिलहाल स्थानीय स्तर पर जांच चल रही है। आगे जरूरत पड़ी तो आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) को जांच का जिम्मा दिया जायेगा।
बिहार में भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र के काजवलीचक मोहल्ले में गुरुवार देर रात एक पटाखा बनाने वाले आतिशबाज के घर में हुए बम विस्फोट की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी है। इस बड़ी घटना को लेकर सीएम के निर्देश के बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय भागलपुर प्रशासन से सभी आवश्यक एहतियात बरतने को कहा है।
डीजीपी संजीव कुमार सिंहल ने बताया कि बीते तीन दशक से लीलावती और उसका परिवार अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम कर रहे थे। इस बात की जानकारी स्थानीय लोगों ने थाना को दी थी लेकिन थाना प्रभारी की लापरवाही के कारण इतनी बड़ी घटना घटी है। थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
डीजीपी ने इंटेलिजेंस की कमी की बात को स्वीकारा है। उन्होंने बताया कि यह रूटीन वर्क था। इसमें सबसे बड़ी लापरवाही थानेदार की ही है। फिलहाल डॉग स्कॉड-एफएसएल की टीम स्थानीय प्रशासन के साथ काम कर रही है। जरूरत पड़ी तो आतंकवादी निरोधी दस्ता (एटीएस) को भी जांच ले किए भेजा जायेगा।



