
अमेरिका जैसे होगी भारत की सड़कें, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा- ग्रीन कॉरिडोर बनने के बाद हवाई यात्रा की जरूरत नहीं
बागपत- 06 अप्रैल। बागपत पहुंचे केंद्रीय सड़क परिजवन एक राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जयपुर और देहरादून की हाईवे की तुलना हवाई यात्रा से की है। उन्होंने कहा कि यह ग्रीन काॅरिडोर बनने के बाद हवाई यात्रा की जरूरत नहीं होगी क्योंकि हवाई यात्रा से जल्दी सड़क से जाना आसान होगा।
नितिन गडकरी ने कहा कि हाइवे,पेरिफेरल,एक्सप्रेस-वे बनाने का उद्देश्य है कि छोटी दूरी की हवाई यात्राएं बन्द हो क्योंकि जब बढ़िया सड़क होगी तो सड़क यात्रा हवाई यात्रा से जल्द पूरा होगी। इसका उद्धहारण देते हुए उन्होंने दिल्ली से देहरादून औए दिल्ली से जयपुर के बीच ग्रीन काॅरिडोर की जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक्सेस कंट्रोल मार्ग व कॉरिडोर निर्माण का मुख्य उद्देश्य प्रदूषण और जाम से निजात पाना है। जहां-जहां या जिस भी विधानसभा, संसदीय क्षेत्र से ये मार्ग गुजरेंगे, वहां पर बर्ड पार्क बनाये जाएंगे। बागपत व मेरठ को विशेष महत्व देते हुए सेटेलाइट, स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक्सेस कंट्रोल मार्ग व कॉरिडोर निर्माण पूरा होने से जो लाभ होंगे वे उम्मीद से परे होंगे। अक्षरधाम से ईपीई तक तीन-तीन लेन के सर्विस रोड भी बना रहे है। दिसम्बर से पहले तक निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उद्घाटन भी दिसम्बर तक कराने का प्रयास है।
ब्रिज के नीचे छात्र-छात्राओं द्वारा बनायी जाएगी चित्रकला—
नितिन गडकरी ने कहा कि इकोनॉमिक कॉरिडोर की विशेषता उसका शानदार सौंदर्यीकरण होगा। पूरे मार्ग के सौंदर्यीकरण के लिए ब्रिज के नीचे स्थानीय छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला बनाई जाएगी। इस कार्य में स्थानीय सांसद, विधायक अग्रणी भूमिका के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि इन चित्रकारी में हैंडलूम, स्थानीय कारीगरी, फल-सब्जियों की खेती को भी चित्रकारी में जगह दी जाएगी।
बागपत बनेगा सेटेलाइट जिला—
नितिन गडकरी ने कहा कि अब सभी के दिल्ली नजदीक आ गई है। बागपत को सेटेलाइट जिला बनाया जाएगा, मेरठ से भी बेहतर इस जिले को बनाया जाएगा। जिले में लॉजिस्टिक पार्क बनाया जाएगा।
अमेरिका से बेहतर होगा रोड स्ट्रक्चर—
उन्होंने कहा कि 2024 खत्म होने से पहले रोड स्ट्रक्चर अमेरिका से बेहतर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कोई ठेकेदार को घर आने की जरूरत नहीं है, क्योंकि क्वालिटी में कोई समझौता नही होगा। रोड अच्छे होने चाहिए, दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। मार्गों पर लग्जरी व अन्य गाड़ियों के लिए इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।
यातायात नियमों का पालन जरूरी—
नितिन गडकरी ने कहा कि यातायात नियमों को पालन कराने में काफी दिक्कत आ रही है। यह बहुत दुख की बात हैं कि सड़क हादसे बहुत अधिक हो रहे हैं, अभी भी लोगों की जान बचाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं, इसका बहुत दुख है। जरूरी है कि इन मार्गो का प्रयोग करने वाले यातायात नियमों का पालन करें।



