
सुपौल- 12 नवंबर। सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र अन्तर्गत मझारी और हरियाही के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 57 पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रुप से जख्मी हैं, जिनका इलाज निर्मली अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान मधुबनी निवासी मोहम्मद आरिफ (19), नियोर गांव निवासी मोहम्मद शफीद (60) एवं घोघरडीहा थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार (20) के रूप में हुई है। सूचना पाकर निर्मली सीओ मुकेश कुमार और थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शवों एवं जख्मियों को एनएचआई के एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल, निर्मली लाया गया। जबकि घोघरडीहा थाना क्षेत्र के मृत युवक का शव परिजन इलाज कराने का हवाला देकर साथ लेकर चले गए।
घटनास्थल पर मौजूद मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि पेट्रोल पंप से ईंधन लेने के बाद दोनों बाइक एनएच-57 पर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि दोनों बाइक पर सवार लोग नीचे सड़क पर गिर गए। इतने में तेज रफ्तार ट्रक ने सभी को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। बाकी तीन का इलाज अस्पताल में चल रहा है। निर्मली सीओ मुकेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। सरकारी स्तर से पोस्टमार्टम व विभागीय प्रक्रिया के बाद परिजनों को मुआवजे की राशि दी जाएगी।



