[the_ad id='16714']

वीर कुंवर विजयोत्सव समारोह में बोल गृह मंत्री, कहा-मोदी ने देश को 2047 तक विश्व में नंबर एक बनाने का लक्ष्य रखा

पटना- 23 अप्रैल। बिहार के आरा जिले के जगदीशपुर स्थित दुलौरा मैदान में बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह में शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को वर्ष 2047 तक दुनिया में नंबर एक बनाने का लक्ष्य रखा है।

शाह ने विजयोत्सव के अवसर पर वीर कुंवर के परिवार की चौथी पीढ़ी के सदस्य ब्रह्मानंद का सम्मान भी किया। उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव में एक साथ 78,000 तिरंगा लहराकर आज बिहार ने पाकिस्तान के 57 हजार झंडा फहराने का रिकॉर्ड तोड़कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड के आंकड़े में नाम दर्ज करा लिया है। अमित शाह ने बाबू वीर कुंवर सिंह को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह देशभक्ति, वीरता और सामाजिक समरसता के अद्वितीय प्रतीक थे। उन्होंने ऐलान किया कि भारत सरकार वीर कुंवर सिंह के नाम पर स्मारक बनाएगी। साथ ही कहा कि इतिहास ने बाबू कुंवर सिंह के साथ अन्याय किया। उनकी वीरता के अनुरूप उन्हें जगह नहीं दी गई।

शाह ने कहा कि आज बिहार की जनता पलक पांवड़े बिछाकर उनका नाम एक बार फिर से अमर कर रही है।163 वर्ष पूर्व 80 साल की उम्र के कुंवर सिंह जी ने इस क्षेत्र को अंग्रेजों से मुक्ति दिलाई। आजादी के पहले संग्राम को इतिहासकारों ने विफल विद्रोह कहकर बदनाम करने का काम किया। वीर सावरकर ने स्वतंत्रता संग्राम कहकर सम्मानित करने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि बाबू कुंवर सिंह के हाथ में गोली लग गई। उन्होंने अपने ही हाथ अपनी दूसरी हाथ काट ली। ऐसे साहस कुंवर सिंह के अलावा किसी में नहीं हो सकता। वीर कुंवर सिंह ऐसे अकेले थें, जिन्होंने 80 साल के होने के बावजूद आरा-सासाराम से लेकर अयोध्या से बलिया होते हुए विजय का झंडा फहराया। चार दिन तक खून बहने के बावजूद भी उस वीर व्यक्ति का प्राण नहीं गया। जगदीशपुर में आजादी का झंडा फहराने के बाद वो शहीद हुए।

अमित शाह ने कहा कि मैं जब यहां पहुंचने वाला था तो हेलीकॉप्टर से नजारा देखता आया हूं। चारों तरफ सिर ही सिर और तिरंगा ही तिरंगा दिखाई देता है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत माता की जय” की आवाज जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विश्वामित्र की जन्मभूमि है। यहीं ताड़का वध प्रभु श्रीराम ने किया था। यहीं से मिथिला जाने की उन्हें प्रेरणा मिली। यहां वशिष्ठ नारायण की जन्मभूमि रही।

गोपाल नारायण विवि में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए गृहमंत्री

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आरा के बाद रोहतास में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय जमुहार के पहले दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए । राज्यपाल फागू चौहान बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल रहे।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह भूमि बहुत ही ऊर्जावान है। इस भूमि से पूरे आर्यावर्त पर 1100 साल तक शासन चला। मैं इतिहास का छात्र हूं। इसी भूमि पर गायत्री मंत्र का महर्षि विश्वामित्र ने खोज की थी। इसी जगह पर महर्षि विश्वामित्र का जन्म हुआ। यह भगवान महावीर आचार्य चाणक्य और चंद्रगुप्त की भूमि है। पूरी दुनिया के शिक्षा का केंद्र नालंदा विश्वविद्यालय यहीं पर था। तक्षशिला विश्वविद्यालय भले ही वर्तमान पाकिस्तान में था लेकिन उसका नियंत्रण यही से होता था।

गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय का संक्षिप्त परिचय देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि एक ही छत के नीचे इस विश्वविद्यालय में डॉक्टरी, नर्सिंग, पत्रकारिता सहित कई अन्य विषयों का पढ़ाई होती है,जो अपने आप में अनूठा है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार दोपहर 12.30 बजे विशेष विमान से पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल और कई कैबिनेट मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!