
लूट-हत्या गिरोह के तीन अभियुक्त गिरफ्तार, 4 फरार
गोरखपुर- 24 दिसम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन ह्वाइट हाउस में प्रेसवार्ता करते हुए पिपराइच थाना क्षेत्र में लूट व हत्या करने वाले गिरोह का खुलासा किया। इसमें तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है। चार अभी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए सक्रिय है।
पिपराइच थाना क्षेत्र में रॉड से सिर पर वार कर 11-12 जुलाई को बृजेश विश्वकर्मा की हत्या कर दी थी। घटना के वक्त वह स्कूटी से जा रहे थे। ब्रजेश की हत्या करने के बाद अपराधियों ने उनकी लाश तालाब के किनारे फेंक कर फरार हो गए थे। फिर पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर इनकी गिरफ्तारी की है। समदार खुर्द सवहिया टोला मोड़ पर मोटरसाइकिल से आ रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान आकाश गुप्ता पुत्र रुदल गुप्ता, निवासी बसडीला, थाना पनियारा, समीर अली पुत्र अब्दुल कादिर, निवासी बभनौली बुजुर्ग, थाना पनियरा और साजिद पुत्र इद्दन निवासी बभनौली बुजुर्ग, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
बता दें कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को निर्देशित किया था। अब एसओजी टीम, थाना प्रभारी पिपराइच व सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिसिया पूछताछ में टूट गए अभियुक्त
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों अभियुक्त टूट गए। उन्होंने पुलिस को बताया है कि 11-12 जुलाई की रात में थाना पिपराइच में बृजेश की हत्या कर मोबाइल, पर्स और स्कूटी लूट लिया था।
पुलिस के मुताबिक इस घटना में कुल सात अभियुक्त संलिप्त थे। इनमें चार अभियुक्त सलामत अंसारी उर्फ कल्लू पुत्र संमतुल्लाह अंसारी, निवासी बभनौली, अजय राजभर पुत्र राजकुमार, निवासी लाइन टोला बभनौली बुजुर्ग, जहीर अंसारी पुत्र जलील अंसारी, निवासी बनौली बुजुर्ग और सद्दाम हुसैन पुत्र समसुद्दीन, निवासी निजौरा खुर्द हाल पता अटकहिया थाना पनियरा भी शामिल रहे। अभी ये फरार चल रहे हैं।


