
बेगूसराय- 17 नवंबर। बेगूसराय में संदिग्ध हालत में एक अधेड़ की मौत होने से जहरीली शराब से मौत की चर्चा तेज हो गई है। घटना बखरी थाना क्षेत्र के परिहारा ओपी स्थित सांखू गांव की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी सुरेश राम के रूप में की गयी है। हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
डीएम अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब से मौत का मामला नहीं है। अब तक प्राप्त सूचना के अनुसार सुरेश राम की मौत बीमारी से मौत हुई है। जांच पड़ताल में पता चला है कि सुरेश राम विगत कुछ दिनों से लिवर की बीमारी से ग्रसित थे तथा उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात मौत होने के बाद कुछ लोगों ने मृतक के पुत्र को बहला-फुसलाकर मुआवजा दिलाने के नाम पर शराब से मौत होने की बात कहलाई है लेकिन पूछताछ में मेडिकल पर्चा सामने आया है, रात में परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए भी तैयार नहीं थे लेकिन आज बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए तैयार हो गए, सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो जाएगा।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में मजदूरी करने वाला सुरेश राम हाल ही में घर आया था। मंगलवार की देर शाम घर से कहीं बाहर निकला और थोड़ी देर बाद घर वापस लौटते ही मौत हो गई। मौत के बाद मृतक के पुत्र जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उसके पिता की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है, मुंह से बदबू आ रही थी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी चंदन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू हो गया, इसके बाद अब मृतक के पुत्र भी अपने बयान से पलट रहे हैं। लेकिन गांव में चर्चा है कि सांखू के आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर यूरिया खाद मिलाकर देसी शराब बनाया जाता है तथा यहां से लेकर जिला मुख्यालय तक सप्लाई किए जाते हैं।



