
नरेला हत्याकांड: पत्नी के दोस्त से थे अवैध संबंध,पीट पीटकर मारा फिर जला दिया, एक गिरफ्तार
नई दिल्ली-23 दिसंबर। बाहरी उत्तरी जिले के नरेला इलाके में बीते 15 दिसंबर की सुबह खेत में मिली एक युवक की जली हालत में लाश के मामले में पुलिस ने मृतक के दोस्त को ही गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक अन्य साथी फरार है। जिसकी धड़पकड़ के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि 15 दिसंबर की सुबह करीब 11 बजे नरेला पुलिस को एक पीसीआर कॉल से पता चला कि बांकनेर गांव स्थित एक खेत में युवक का शव पड़ा हुआ है। एसएचओ महेश नारायण टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। शव 90 फीसदी जला हुआ था। उसके हाथ को मवेशियों ने भी खा रखा था। शव के कुछ मांस के छोटे छोटे टुकड़े भी आसपास ही पड़े हुए थे।
शव को तुरंत कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 साल के करीब है। जिसका पूरा शरीर जला हुआ है। शव को देखकर लगता है कि युवक की हत्या को बीस घंटे से ज्यादा हो गए थे। वारदात के बारे में उस समय पता चला जब गांव के कुछ लोग खेत में आए थे। जिन्होंने कुछ मवेशियों को कुछ खाते हुए देखा था। लोगों ने शक होने पर मौके पर पहुंचकर देखा तो शव पड़ा हुआ था। जिसके आसपास मवेशी मंडरा रहे थे। जिसके तुरंत बाद पुलिस को वारदात की जानकारी दी गई थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। स्थानीय लोगों से संपर्क करने के बाद एक महिला ने शव की पहचान अपने पति करण के रूप में की, जो लेबर का काम करता था। करण अपनी पत्नी के साथ स्वतंत्र नगर इलाके में किराये के मकान पर रहता था। करण ने कुछ ही समय पहले बिहार से तीसरी शादी करके पत्नी को लाया था। महिला से पता चला कि करण का दोस्त मुन्ना उर्फ मोटा और रविन्द्र उर्फ मूसा उसके घर बाइक से आए थे। तीनों ने शराब पी और खाना खाया था। बाद में तीनों हरियाणा से शराब लाकर कहीं पर पीने चले गए थे। लेकिन रात को करण घर पर नहीं आया। पुलिस ने दोनों युवकों के ठिकानों पर छापेमारी की। जिसमें रविन्द्र उर्फ मूसा को गिरफ्तार किया। जिसने बताया कि करण की पत्नी के मुन्ना से अवैध संबंध हैं। करण को इस बारे में पता चल गया था,जिसको लेकर वह अपनी पत्नी से झगड़ा व मारपीट करता था। वारदात वाले दिन तीनों ने उसी के घर खाना व शराब पी थी। शराब खत्म होने के बाद मुन्ना की बाइक पर शराब खरीदकर लाए। खेत में शराब पी। इस बीच दोनों में बहसबाजी हो गई। करण काफी नशे में हो गया था। उसने और मुन्ना ने करण की पी पीटकर निर्मम हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिये उसको जला दिया था। जिससे वे पकड़े नहीं जाएं।



