
पटना- 6 नवंबर। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू शनिवार शाम विशेष विमान से दिल्ली से पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उपराष्ट्रपति दो दिनों के लिए बिहार यात्रा पर आये हैं। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू नालंदा यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। पटना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू राजभवन के लिए रवाना हुए। राजभवन में ही रात्रि विश्राम के बाद कल यानी सात नवंबर की सुबह उपराष्ट्रपति पिपराकोठी के लिए एयरपोर्ट से सुबह 9:55 बजे रवाना होंगे।
पिपराकोठी में उपराष्ट्रपति नालंदा यूनिवर्सिटी के छठे अंतरराष्ट्रीय धर्म-धम्म कांफ्रेंस में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति को इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। शाम चार बजे उपराष्ट्रपति वापस पटना एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उपराष्ट्रपति की बिहार यात्रा को लेकर तमाम प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



