
हेलीकॉप्टर की खरीदारी राज्य हित में, भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस का मामला: CM नीतीश
पटना- 29 दिसम्बर। गुरु गोविंद सिंह के 356वें प्रकाश पर्व पर तख्त श्री हरिमंदिर जी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश ने हेलीकॉप्टर खरीद से जुड़े सवाल पर कहा कि इसके लिए तो हम पहले से ही कहे थे। ये सबके हित में है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर उन्होंने कहा कि ये उनकी पार्टी का मामला है।
इससे पहले सीएम ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आये जत्थेदारों, हरिमंदिर जी प्रबंधक कमिटी द्वारा मुख्यमंत्री को तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया।
सीएम ने यहां अपने सम्बोधन में कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जन्म इसी धरती पर हुआ है यह हम सबों के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 की जनवरी में 350वां प्रकाश पर्व मनाया गया। इसके बाद से हर वर्ष प्रकाश पर्व को हमलोग निरंतर मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव और गुरु तेग बहादुर यहां आए थे। गुरु तेगबहादुर ने पत्नी को यहीं रहने दिया था और गुरु गोविंद सिंह का यहीं जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव राजगीर भी पहुंचे थे। उस समय स्थानीय लोगों के अनुरोध पर उनके चरण स्पर्श मात्र से गर्म कुंड का पानी शीतल हो गया और तब से यह शीतल कुंड में तब्दील हो गया। राजगीर में शीतल कुंड के पास भव्य गुरुद्वारा का निर्माण किया गया है। राजगीर में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में देश एवं देश के बाहर के सिख श्रद्धालु पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दरबार हॉल, जिसमें कार्यक्रम हो रहा है। यह काफी बेहतर ढंग से बनाया गया है। पटना सिटी में ओपी साह सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया है, जहां ढाई हजार श्रद्धालुओं के रहने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। एक माह के बाद इसको अन्य लोगों के लिए भी खोल दिया जाएगा।



