
हिमाचल चुनाव: भाई को टिकट मिलने पर बहन ने बगावत, छोड़ा भाजपा का पद
मंडी- 19 अक्टूबर। जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह की बेटी वंदना गुलेरिया ने अपने भाई के खिलाफ ही बगावत कर दी है। इस बार महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपनी राजनीतिक विरासत सौंपते हुए बेटे रजत ठाकुर को चुनावी मैदान में उतारा है। इससे उनकी बेटी व प्रदेश महामंत्री भाजपा महिला मोर्चा वंदना गुलेरिया खफा हो गई हैं। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है। यही नहीं सुबह ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर खूब बवाल खड़ा कर दिया है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि दिल्ली से टिकट तो ले आते हैं, मगर वोट कहां से लाएंगे। वहीं, बाद में एक और पोस्ट डाली और कहा कि हर बार परिवारवाद में बेटियों की बलि क्यों दी जाती है और बाद में इन्होंने पोस्ट पर ही इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ही 55 अन्य महिलाओं ने भी इस्तीफा दे दिया है।
इस पोस्ट के बाद अपने ही भाई और पिता के प्रति उनकी नाराजगी जग जाहिर हुई है। उनके इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं होने लगी हैं। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि पिता महेंद्र सिंह ठाकुर और भाई रजत ठाकुर उन्हें मनाने में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि बंदना गुलेरिया भी टिकट के लिए दावेदारी जता रही थी, मगर उन्हें टिकट नहीं मिला, जिससे वह पिता और भाई से नाराज है।



