
हिमाचल के सरकारी दफ्तरों में पांच दिन ही काम
शिमला- 09 जनवरी। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बंदिशें बढ़ा दी हैं। महामारी की रोकथाम और संक्रमण से बचाव के लिए अब प्रदेश में सरकारी दफ्तरों के कार्यदिवस को सप्ताह में पांच दिन कर दिया गया है। सोमवार से शुक्रवार तक सरकारी कार्यालय खुलेंगे। साथ ही दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति रहेगी। ये व्यवस्था 24 जनवरी तक लागू रहेगी।
सरकार के राज्य आपदा प्रबंधन सेल ने रविवार को इस सम्बंध में अधिसूचना जारी की है। आपात व आवश्यक सेवाओं जैसे स्वास्थ्य, पुलिस, फायर, बैंक, पानी, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, टेलीकॉम,एक्साइज इत्यादि में तैनात कर्मचारियों पर ये आदेश मान्य नहीं होंगे।
इस मामले में न्यायिक अधिकारियों के लिए प्रदेश हाईकोर्ट की तरफ से अलग से आदेश जारी किये जाएंगे। अधिसूचना के मुताबिक राज्य में सामाजिक व धार्मिक समारोहों के आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इनसे इतर समारोहों के इंडोर व आउटडोर आयोजनों पर कुल क्षमता के 50 फीसदी लोगों को ही एकत्रित होने की अनुमति रहेगी। इंडोर में अधिकतम 100 और आउटडोर में 300 लोग ही जुट सकेंगे। अधिसूचना के अनुसार दुकानों/बाजारों को खोलने व बंद करने का समय निर्धारित करने का अधिकार सम्बंधित जिलाधीश के पास होगा।
गौरतलब है कि प्रदेश में पिछले तीन- चार दिनों से कोरोना के मामलों में भारी उछाल आया है। रोजाना संक्रमण के सैकड़ों मामले दर्ज किए जा रहे हैं। मौजूदा समय में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले दो हजार, 811 तक पहुंच गए हैं। रविवार दोपहर तक बीते 24 घण्टों में ऐसे 728 मामलों की पुष्टि हुई है।



