
हिमाचल की जनता ने भाजपा को ठुकरायाः कांग्रेस
शिमला- 02 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मंडी संसदीय क्षेत्र सहित तीन विधानसभा अर्की, जुब्बल कोटखाई फतेहपुर उपचुनाव में पार्टी की जीत पर खुशी का इजहार किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के धनबल को ठुकरा दिया है। पहली बार प्रदेश में किसी सत्ता दल को उपचुनाव में इतनी बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा।उसे एक भी सीट पर जीत हासिल नही हुई है। भाजपा ने प्रदेश में जनमत खो दिया है। अब उसे सत्ता में बैठने का कोई नैतिक अधिकार नही है। कांग्रेस ने नौ विधानसभा क्षेत्रों में शानदार जीत हासिल की है,लिहाजा मुख्यमंत्री को प्रदेश में अब जल्द चुनाव करवाने चाहिए। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कुलदीप सिंह राठौर ने इस जीत का श्रेय पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता को जाता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इस बार चुनाव में वीरभद्र सिंह नहीं थे। उनकी कमी बहुत खली है।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश में उपचुनाव कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के कुशल नेतृत्व, राहुल गांधी के मार्गदर्शन के साथ प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला,सह प्रभारी गुर कीरत सिंह और संजय दत्त के दिशा निर्देश में हुआ। कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की। यह जीत किसी एक की नहीं पूरे संगठन की है। संगठन मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। राठौर ने इन चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रतिक्रिया पर जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत थोड़े अंतर से हारी है पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने नौ विधानसभा क्षेत्रों में जहां भाजपा को पिछले चुनाव में बढ़त मिली थी, वहां उसे इन उपचुनाव में मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अपनी हार को नहीं पचा पा रहे।
राठौर ने कहा कि चुनाव से पूर्व भाजपा इसे अपना सेमीफाइनल बता कर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में अपनी जीत को लेकर देख रही थी। मुख्यमंत्री ने मंडी संसदीय क्षेत्र में क्षेत्रवाद का नारा देकर लोगों को उनके उम्मीदवार को जिताने की दुहाई दी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बढ़ती महंगाई बेरोजगारी, लचर कानून व्यवस्था, अर्थव्यवस्था,शून्य विकास के खिलाफ वोट किया है। भाजपा इन मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने का पूरा प्रयास करती रही।



