
हमारी लोक संस्कृति का कोई सानी नहीं है- उपराष्ट्रपति
नई दिल्ली- 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि देश की लोक संस्कृति और परंपरा का कोई सानी नहीं है। यह अद्वितीय है। देश के कोने कोने में मौजूद रमणीय स्थलों और विरासत को दुनिया में बताने के लिए सभी नागरिक भूमिका निभा सकते है। वे मंगलवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार 2018-19 के आयोजन में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि कोरोना काल के मुश्किल दौर के बाद अब टूरिज्म सेक्टर फिर से तेजी से आगे बढ़ रहा है और यही वक्त है जब संबंधित स्टेकहोल्डर एक साथ मिलकर आगे आएं और इस क्षेत्र के विकास को गति दें। स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में इस मिशन ने न केवल लोगों के व्यवहार में बदलाव किया है, बल्कि हमारी स्वच्छता के प्रति पुरानी परंपराओं को जागृत करने का काम भी किया है। हमारे देश में मेडिकल टूरिज्म, अध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है इसे अभी और आगे ले जाने की जरूरत है।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में और गति लाने के लिए अगले साल जनवरी- फरवरी में नई पर्यटन पॉलिसी लाई जाएगी। इसका मसौदा तैयार हो चुका है। इस नीति में सभी समस्याओं का समाधान होगा। इसमें पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए 360 डिग्री और होल ऑफ गवर्मेंट एप्रोच के साथ तैयार किया गया है। हम सभी मंत्रालयों के साथ समन्वय करके एक व्यापक नीति लाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के मुश्किल भरे दौर के बाद टीकाकरण अभियान ने पर्यटन को लेकर लोगो का भरोसा जागृत किया है। विदेशी पर्यटकों के मद्देनजर केन्द्र सरकार सभी दूतावास में पर्यटन अधिकारी की नियुक्ति भी कर रहा है।
उत्तराखंड को मिला पहला पुरस्कार
राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार 2018-19 के पर्यटन का व्यापक विकास वर्ग में उत्तराखंड को पहला, महाराष्ट्र को दूसरा और तेलंगाना को तीसरा पुरस्कार मिला है। इसके साथ हॉल ऑफ फेम में केरल और गोवा को पुरस्कार मिला है। सर्वश्रेष्ठ जिला पर्यटन संवर्धन परिषद कोझीकोड को मिला। इसके साथ सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित और दिव्यांग अनुकूल स्मारक के लिए शिव मंदिर भोजपुर मध्यप्रदेश को मिला है। वहीं, कोलकाता हवाई अड्डे को प्रमुख शहरों में सर्वश्रेष्ठ पर्यटक अनुकूल हवाई अड्डे का पुरस्कार मिला है। कुल मिलाकर विभिन्न श्रेणियों में 81 पुरस्कार दिए गए।



