बिहार

 हमलोग तो शुरू से चाहते थे कि महिला आरक्षण बिल पास हो: नीतीश

पटना- 21 सितम्बर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री स्व. भोला पासवान शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमलोग तो शुरू से चाहते थे कि महिला आरक्षण बिल पास हो। यह लोकसभा से पास हो गया है। अब महिला आरक्षण को जल्दी से लागू करना चाहिए। ये लोग जनगणना नहीं करवाए हैं, इसलिए इसमें देरी होगी ।

सीएम ने कहा कि इस काम को और तेजी से करना चाहिए। जिस तरह से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को आरक्षण दिया गया है, उसी तरह से इसमें पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण मिलना चाहिए। हम तो चाहते हैं कि जल्दी से जल्दी महिलाओं को इसका लाभ मिले। हमने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया है।

सीएम ने जाति आधारित जनगणना की मांग से संबंधित पत्रकारों के सवाल पर कहा कि हमलोग यंगर एज से इसकी मांग करते रहे हैं। जनगणना का काम वर्ष 2021 में होना चाहिए था जो नहीं हुआ। ये सब काम करा दिए जायेंगे तो लोगों को काफी फायदा होगा । लोगों के एक-एक चीज के बारे में जानकारी मिलेगी। उनकी स्थिति के बारे में जानकारी मिलेगी, जिससे उनके हित में काम किए जा सकेंगे। हमलोग सबके उत्थान के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

नीतीश ने कहा कि हमलोगों ने अपने राज्य में महिलाओं के उत्थान के लिए काफी काम किए हैं। वर्ष 2013 तक हम 19:30 बजे तक मुख्य सचिवालय अपने कार्यालय में आते थे। हमको जानकारी मिली कि लोग समय पर नहीं आ रहे हैं तो हम कल भी और आज भी सचिवालय आकर निरीक्षण किए हैं। हमने तय किया है कि तीन दिन सचिवालय आयेंगे। हम चाहते हैं कि सभी लोग समय पर कार्यालय पहुंचे और ठीक ढंग से काम करें।

भाजपा कह रही है कि पूरे देश में वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव के बाद जातिगत जनगणना कराया जाएगा, इस प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक यह हो जाना चाहिए था, इसमें देरी क्यों हो रही है। वर्ष 2024 में शुरू करने की क्या जरूरत है इसको तत्काल शुरु कर देना चाहिए। वर्ष 1931 से जनगणना का काम किया जा रहा है। प्रत्येक दस वर्ष पर जनगणना का काम किया जाता है। यह पिछली बार नहीं किया गया, ये अच्छी बात नहीं है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी से मुलाकात के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेताओं से हमारी मुलाकात होती रहती है। आपस में बातचीत होती रहती है। भाजपा के लोग कहते हैं कि कोई काम नहीं दिख रहा है, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग जानते हैं कि क्या-क्या काम हो रहा है लेकिन मीडिया पर उनलोगों का नियंत्रण है, इसलिए चाहकर भी आपलोग सही बात नहीं रख पाते हैं। जब उनलोगों से आपलोगों को मुक्ति मिलेगी, आपको अधिकार मिलेगा तब आप अपनी बातों को रख पाएंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button