
स्कार्पियो में जिंदा जला चौकीदार, मोटर मार्केट में लगी भीषण आग
कोटा- 31 अक्टूबर। विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित मोटर मार्केट में देर रात खड़े वाहनों में भीषण आग लग गई। हादस में चौकीदारी रफीक (55) पुत्र सत्तर भाई निवासी अधरशिला कच्ची बस्ती दादाबाड़ी की मौत हो गई। घटना की जानकारी आग बुझाने के बाद पुलिस द्वारा निरक्षण के दौरान व्यक्ति का झुलसा हुआ शव मिलने पर हुई।
विज्ञान नगर थाना एएसआई सांवर चंद के अनुसार गश्त के दौरान रात करीब 3 बजे के लगभग मोटर मार्केट में खड़े वाहनों में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। जहां टीवीएस शोरूम के पीछे मोटर मार्केट में खड़े वाहनों में भीषण आग लगी हुई थी, जो धीरे धीरे बढ़ती जा रही थी। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम के अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। कुछ देर बाद ही अग्निशमन विभाग की दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। घटना का निरीक्षण करते समय स्कॉर्पियो कार में एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। आग की चपेट में आने से व्यक्ति पूरी तरह झुलस चुका था। आसपास के लोगों से तलाश करने पर स्कॉर्पियो कार में चौकीदार के होने की जानकारी मिली। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई और शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया गया। मृतक की पहचान रफीक पुत्र सत्तार भाई निवासी आधारशिला कच्ची बस्ती दादाबाड़ी के रूप में हुई।
छह बच्चों का पिता था चौकीदार:
मृतक के साले आमीन खान ने बताया कि मृतक रफीक की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है, उसके 6 बच्चे बच्चे हैं। जिसमे दो की शादी हो चुकी है तथा चार बच्चे अविवाहित है। वह दो पारियों में चौकीदारी का काम करते थे तथा उनकी पत्नी दूसरों के घरों में बर्तन मांझने, खाना बनाने का काम करती है। रात को जीजा रफीक घर से काम के लिए निकले थे। सुबह पुलिस ने घटना की जानकारी दी।
एएसआई सांवर चंद ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पूछताछ के दौरान सामने आया की चौकीदार रफीक नशे का आदि था। रात को कछुआ छाप अगरबती लगाकर सोता था। संभवतः घटना के समय नशे में होने से वह अपना बचाव नहीं कर पाया और आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। पीड़ित परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।


