
सीमांचल के साथ अब हो रहा इंसाफ,लग रहे उद्योग: शाहनवाज हुसैन
अररिया- 19 मई। प्रदेश के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन इन दिनों बिहार के सीमावर्ती जिलों के दौरे पर है। गुरुवार को उन्होंने अपने अररिया जिले के दौरे के दौरान फारबिसगंज में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सीमांचल शुरू से ही उपेक्षित रहा है। सीमांचल को मिली नाइंसाफी अब इंसाफ में बदल रही है और नित्य नए इस इलाके में उद्योग स्थापित हो रहे हैं। जिससे ना केवल किसानों की आर्थिक स्थिति समृद्ध होगी, बल्कि लोगों की जीवनशैली में सुधार होने के साथ ही बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।
उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने फारबिसगंज विधायक के आवास स्थित जनसंपर्क कार्यालय में पत्रकारों से बातें करते हुए कहा कि 26 मई को अररिया में उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पांच-छह सौ लोगों को पांच लाख का लोन और पांच लाख का अनुदान की राशि का कागज उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने फारबिसगंज बियाडा क्षेत्र में बहु प्रतीक्षित ग्लूकोज फैक्ट्री का 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती के मौके पर कार्यक्रम आयोजित कर शुभारंभ किए जाने की बात कही।उन्होंने कहा कि कोसी महा सेतु समेत कई पुल और सड़क का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में इस इलाके में किया गया था, जिससे पटना से नार्थ बिहार सीधा जुड़ गया।
उन्होंने कहा कि सीमांचल के इलाके में नए-नए इंडस्ट्री आ रहे हैं। 105 करोड़ का पूर्णिया में इथेनॉल प्लांट का शुभारंभ हो गया है।इसके अलावे किशनगंज-अररिया के इलाके में अनमोल बिस्किट कंपनी का 173 करोड़ का प्रोजेक्ट का भी काम का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि उनके जिम्मे राज्य में उद्योग स्थापित करने का काम है और उसे इस काम में खूब मन लग रहा है। बड़े-बड़े इन्वेस्टर्स इन्वेस्टर मीट में अपनी प्रोजेक्ट लगाने में अभी रुचि दिखाई है और बड़ी-बड़ी कम्पनियां बिहार आ रही है।
उन्होंने नई टेक्सटाइल पॉलिसी के साथ ही फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में भी काम करने की बात कही।शाहनवाज हुसैन दौरे के क्रम में फारबिसगंज विधायक विद्यासागर उर्फ मंचन केशरी के आवास पर स्थित जनसम्पर्क कार्यालय पहुंचे थे।जहां सांसद प्रदीप कुमार सिंह,विधायक विद्यासागर केशरी,विधायक विजय मंडल, नगर अध्यक्ष रजत कुमार सिंह,मनोज झा आदि ने बुके देकर उनका स्वागत किया।



