
सात दिन बाद होनी थी शादी अलवर के नेवी अधिकारी की अचानक मौत
अलवर- 25 नवम्बर। किशनगढ़बास क्षेत्र के जाटका गांव निवासी इंडियन नेवी ऑफिसर राहुल खैरिया की अचानक 23 नवम्बर को मौत हो गई। राहुल की 30 नवम्बर को शादी होने वाली थी और वह छुट्टी लेकर गांव आने वाला था। मौत के कारण अधिकारियों को भी स्पष्ट नहीं पता।
एसडीएम ओमप्रकाश सारण ने बताया कि इसकी विभागीय जांच चल रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि 23 की रात हृदय गति रुकने से उसकी मौत हो गई। इस सूचना के बाद मृतक के परिवार में खुशियां मातम में बदल गई। नेवी अफसर का पार्थिव देह लेकर अधिकारी गुरुवार की दोहपर दिल्ली से जाटका गांव पहुंचे। इस दौरान किशनगढ़बास विधायक दीपचंद खैरिया, एसडीम ओमप्रकाश सहारण, थानाधिकारी अमित चौधरी सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीणों ने अंतिम विदाई दी। इस दौरान राहुल अमर रहे के नारे लगे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राहुल खेरिया नेवी में पीटीआई अधिकारी के पद पर तैनात था।
2017 में हुआ था मृतक नेवी में भर्ती—
मृतक राहुल खैरिया 2017 से नेवी में भर्ती है। इसी महीने 30 नवम्बर को उसकी शादी थी। बहरोड़ के जागूवास गांव में बारात जानी थी। वह दिल्ली में कोटा हाउस में ड्यूटी कर रहे थे, लेकिन 23 नवम्बर को उनकी अचानक मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि राहुल की शादी की तैयारियां चल रही थी। शादी के निमंत्रण देने का काम चल रहा था। अचानक 23 नवम्बर की शाम को खबर मिली कि राहुल की मौत हो गई। जिसके बाद से परिवार सदमे में हैं। शादी वाले घर में अचानक खुशियां मातम में बदल गई। इस खबर के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।



