
सरकार के दबाव में काम कर रहा चुनाव आयोग: प्रियंका
लखनऊ- 29 जनवरी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। प्रयागराज में शनिवार को कांग्रेस का युवा घोषणा पत्र जारी करने से रोका गया। इसके बाद प्रियंका वाड्रा ट्वीट कर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा किया।
प्रियंका ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतंत्र को कुचलने में लगा हुआ है। भाजपा नेता भीड़ के साथ कैंपेन करें, नफरत भरी बातें करें। प्रशासन का कोई एक्शन नहीं। लेकिन कांग्रेस पार्टी को प्रयागराज में युवा घोषणापत्र जारी करने से रोका गया।
उन्होंने लिखा कि चुनाव आयोग व प्रशासन सरकार के दबाव में युवाओं के एजेंडे को दबाने और लोकतंत्र को कुचलने में लगा हुआ है। प्रियंका ने कहा कि भाजपा नेता भीड़ के साथ प्रचार कर रहे हैं। नफरत भरी बातें कर रहे हैं, लेकिन भाजपा नेताओं पर प्रशासन कोई एक्शन नहीं लेता है।
वहीं नोयडा 61 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पंखुड़ी पाठक ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग भाजपा का आयोग बनकर काम कर रहा है। पंखुड़ी पाठक ने कहा है कि नोएडा में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप है कि नोएडा में भाजपा द्वारा अपने प्रत्याशी पंकज सिंह के नाम से ‘फ्री टीकाकरण कैंप’ लगाए जा रहे हैं।



