
सऊदी अरब जाने से बचने को रची फर्जी लूट की कहानी, मुकदमा दर्ज
मेरठ- 12 फरवरी। परिजनों द्वारा सऊदी अरब भेजने से बचने के लिए युवक ने अपने साथ फर्जी लूट की कहानी रच दी। पुलिस की जांच में लूट का मामला फर्जी निकला। अब पुलिस ने युवक के खिलाफ फर्जी लूट की साजिश रचने में मुकदमा दर्ज किया है। भावनपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर मोरना निवासी फरमान के लूट होने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई। फरमान के साथ ने पुलिस को कॉल करके बताया था कि साथ शुक्रवार की रात को फलावदा थाना क्षेत्र के मिस्त्रीपुरा गांव के निकट उसके साथ लूट हुई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तो फरमान ईंख के खेत में मिला। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। फरमान ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उसकी बाइक और जेब में रखे 33 हजार रुपए लूट लिये। पुलिस को उसी समय शक हो गया। जबकि फरमान की जेब में मोबाइल मौजूद था। पुलिस ने जांच शुरू की तो बड़ा रोचक मामला सामने आया। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो फरमान ने सारी सच्चाई बता दी।
पुलिस ने बताया कि फरमान ने शुक्रवार दोपहर को भी पुलिस नियंत्रण कक्ष को कॉल करके बताया था कि परिजन उसका उत्पीड़न कर रहे हैं और जबरन सऊदी अरब भेजना चाहते हैं। जबकि वह जाना नहीं चाहता। दौराला पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई थी। इस पर फलावदा पुलिस ने दौराला पुलिस से बातचीत की तो सारा मामला खुल गया। फरमान ने पुलिस को बताया कि सऊदी अरब जाने से बचने के लिए उसने शुक्रवार की दोपहर को ही अपनी बाइक 33 हजार रुपए में किनानगर गांव में बेच दी थी। इसके बाद पुलिस को लूट की फर्जी सूचना दी। फलावदा थानाध्यक्ष वरुण शर्मा का कहना है कि शनिवार को पुलिस ने किनानगर गांव से बाइक बरामद कर ली। फरमान के खिलाफ फलावदा थाने में लूट की फर्जी सूचना देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।



