
संयुक्त राष्ट्र ने गाजा में मानवीय सहायता पहुंचने का स्वागत किया
न्यूयॉर्क- 22 अक्टूबर। संयुक्त राष्ट्र ने मिस्र से राफा सीमा पार कर गाजा में मानवीय सहायता पहुंचने का स्वागत किया है। साथ ही तत्काल युद्धविराम के लिए की गई अपनी अपील को भी दोहराया है। उल्लेखनीय है कि इजिप्शियन रेड क्रिसेंट सोसाइटी का 20 ट्रकों का काफिला मानवीय आपूर्ति के साथ गाजा पहुंच चुका है। यह पहली खेप है जो सात अक्टूबर को इजराइल पर फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के हमलों के बाद शुरू हुए युद्ध के बाद गाजा पहुंची है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शनिवार को राफा सीमा खोलने के लिए मिस्र के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गाजा को इससे बहुत अधिक चाहिए। वहां बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता की निरंतर आपूर्ति जरूरी है। गुटेरेस ने कहा कि हम गाजा में शांति के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र की पांच एजेंसियों संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी),संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए),संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ),विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और इजिप्शियन रेड क्रिसेंट सोसाइटी से पहली लेकिन सीमित जीवनरक्षक मानवीय आपूर्ति की खेप राफा सीमा को पार कर गाजा पहुंची है।
यह खेप पानी,भोजन,दवा,ईंधन और अन्य आवश्यक चीजों के अभाव का सामना कर रहे हजारों लोगों को कुछ राहत पहुंचाएगी। इन एजेंसियों ने कहा है कि यह बहुत छोटी शुरुआत है और लक्ष्य बहुत बड़ा है। गाजा में 16 लाख लोगों से अधिक को आवश्यक मानवीय सहायता की जरूरत है। गाजा में आधी से अधिक आबादी बच्चों की है।



