
शिक्षा से निकलता है विकास का रास्ता: केजरीवाल
नई दिल्ली-23 अक्टूबर। केजरीवाल सरकार ने शनिवार को त्यागराज स्टेडियम में भगवान वाल्मीकि के प्रकटोत्सव को बहुत धूमधाम के साथ मनाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दीप प्रज्वलित कर वाल्मीकि प्रकटोत्सव समारोह की शुरूआत की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान समेत अन्य गणमान्य लोगों ने भी दीप प्रज्वलित किया और सभी ने भगवान वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के स्कूलों से 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक नंबर हासिल करने वाले दलित समाज के 22 मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वाल्मीकि समाज के दो सबसे बड़े आदर्श भगवान वाल्मीकि और बाबा साहब डॉ. अंबेडकर हैं और दोनों ने शिक्षा को तवज्जो दी है। दोनों ने एक ही बात कही है कि अगर हमें तरक्की करनी है, तो तरक्की का रास्ता केवल शिक्षा से निकलेगा। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का सपना था कि हर दलित बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन 70 साल में वह सपना पूरा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज यही सबसे बड़ी देशभक्ति है कि सभी लोग अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें लायक बना दो, भारत महान देश बन जाएगा। पहले सरकारी स्कूलों में पढ़ाई खराब होती थी, लेकिन अब दिल्ली के सरकारी स्कूल बहुत अच्छे और शानदार हो गए हैं। हमने बच्चे के पैदा होने से लेकर उपर तक की पढाई का सारा इंतजाम कर दिया है। ऐसा करने वाली दिल्ली सरकार देश की इकलौती सरकार है।



