ताज़ा ख़बरें

व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी के करीब पहुंचे गौतम अडाणी

नई दिल्ली- 28 जनवरी। भारतीय शेयर बाजार में लगातार जारी उठापटक का असर देश के रईस उद्योगपतियों की व्यक्तिगत संपत्ति पर भी पड़ा है। शेयर बाजार की इस हलचल के कारण अडाणी ग्रुप के गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के काफी करीब पहुंच गए हैं। मुकेश अंबानी फिलहाल दुनिया के 11वें सबसे रईस व्यक्ति हैं, वहीं गौतम अडाणी दुनिया के 12वें सबसे रईस व्यक्ति हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स द्वारा आज जारी की गई दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में मुकेश अंबानी 87.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 11वें स्थान पर बने हुए हैं, जबकि गौतम अडाणी 85.2 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ 12वें स्थान पर काबिज हैं। इस तरह इन दोनों भारतीय उद्योगपतियों की व्यक्तिगत संपत्ति में अब सिर्फ 2.7 अरब डॉलर का ही अंतर रह गया है।

ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक 2022 में मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में 2.07 अरब डॉलर की कमी आई है। 2021 के आखिरी दिन 31 दिसंबर को मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 89.97 अरब डॉलर थी, जो शेयर बाजार की हलचल के कारण अब घटकर 87.9 अरब डालर रह गई है।

वहीं, 2022 में गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में 8.68 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। 31 दिसंबर 2021 को गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 76.52 अरब डालर थी, जो बढ़कर अब 85.2 अरब डालर हो गई है। माना जा रहा है कि अडाणी ग्रुप की कंपनियों को अगर शेयर बाजार का इसी तरह सपोर्ट मिलता रहा, तो आने वाले कुछ दिन में गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी को पीछे भी छोड़ सकते हैं।

आपको बता दें कि इसके पहले 14 जून 2021 को भी गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी के काफी करीब पहुंच गए थे। 14 जून की सुबह तक गौतम अडाणी का नेटवर्थ 77 अरब डालर का था, जबकि मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 80 अरब डॉलर थी। इस तरह गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी से सिर्फ 3 अरब डॉलर ही पीछे रह गए थे।

उसके बाद शेयर बाजार की हलचल के कारण गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति अगले कुछ दिनों में घटकर 57 अरब डॉलर तक पहुंच गई, जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति बढ़कर 100 अरब डॉलर के करीब तक पहुंच गई। लेकिन शेयर बाजार की ही मेहरबानी से एक बार फिर गौतम अडाणी की संपत्ति में जोरदार इजाफा हुआ है। वहीं, मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति पहले की तुलना में घट गई है। जिसकी वजह से भारत के ये दोनों शीर्ष कारोबारी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में काफी करीब आ गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स की सूची के मुताबिक भारत के ये दोनों कारोबारी भारत के साथ ही एशिया के भी सबसे रईस कारोबारियों की सूची में पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। इस सूची के मुताबिक मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के बाद अजीम प्रेमजी 32.6 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दुनिया के रईस व्यक्तियों की सूची में 38वें स्थान पर, शिव नाडर 27 अरब डालर की संपत्ति के साथ 52वें स्थान पर, राधाकिशन दमानी 21.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 72वें स्थान पर और लक्ष्मी मित्तल 19.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 89वें स्थान पर बने हुए हैं। इस तरह दुनिया के टॉप 100 सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में फिलहाल भारत के सिर्फ 6 रईस ही अपना स्थान बना सके हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button