
वित्त भवन के उद्घाटन से वित्तीय कार्यों में होगी सहूलियत: विजय चौधरी
पटना- 20 अक्टूबर। वित्त विभाग के अंतर्गत स्थानीय गर्दनीबाग में 19 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से ‘वित्त भवन’ का उद्घाटन वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी उपस्थित थे। इस अवसर पर वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि वित्त विभाग के अंतर्गत भविष्य निधि निदेशालय, अंकेक्षण निदेशालय सहित अन्य कार्यालय अलग-अलग जगहों पर संचालित थे। राज्य में विकास की रफ्तार से कार्यालयों में काम बढ़ा है, जिसके मद्देनजर कार्यालयी सुविधा के दृष्टिकोण से वित्त विभाग के तहत संयुक्त निदेशालय भवन का निर्माण कराया गया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि ‘वित्त भवन’ के नाम से नामित इस चार मंजिले भवन में भविष्य निधि निदेशालय, वित्त अंकेक्षण निदेशालय, अभिलेख रूम, मीटिंग हॉल सहित कैंटीन, ऑफिसर लाउंज, सुरक्षा रूम एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि इस भवन के उद्घाटन हो जाने से वित्तीय प्रशासन से जुड़े ये कार्यालय एक छत के नीचे व्यवस्थित रूप से कार्य कर सकेंगे तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य करने में सहूलियत होगी। उन्होंने निर्धारित समय पर इस भवन को तैयार करने के लिए अधिकारियों को बधाई दी। इस अवसर पर भवन निर्माण विभाग के सचिव ने वित्त मंत्री को ‘मैला आंचल’ पुस्तक भेंट की।



