ताज़ा ख़बरें

विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा उत्तराखंड : धामी

रुद्रप्रयाग- 14 अप्रैल। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड और देश तरक्की की ओर बढ़ रहा है। ऑल वेदर परियोजना का लाभ प्रदेश वासियों के साथ ही देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों एवं पर्यटकों को मिलेगा। इसके अलावा रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित होने वाले मेले हमारी धरोहर हैं जिनका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने यह बात गुरुवार को जिले के बधाणीताल में बैसाखी के पर्व पर आयोजित दो दिवसीय पर्यटन मेले शुभारंभ के अवसर पर कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के लिए अनेक घोषणाएं की, जिस पर क्षेत्र की जनता ने उनका आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने सीएम धामी से रुद्रप्रयाग सीट से चुनाव लड़ने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि मैं विधायक रहूं या ना रहूं, लेकिन धामी को पन्द्रह साल तक सीएम की कुर्सी पर रहना है। इसलिए वे चाहते हैं कि सीएम धामी रुद्रप्रयाग विधानसभा से चुनाव लड़े। यह जिले की जनता के लिए भी किसी सौगात से कम नहीं होगा।

सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय जनता की मांग पर उन्होंने कहा कि विकास खंड जखोली के अंतर्गत बरसिर-बधाणी मोटरमार्ग के किमी 32 तक हॉटमिक्स का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बधाणीताल पर्यटक आवास बनाने के साथ ही बधाणीताल सौंदर्यीकरण, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज भीरी का नाम शहीद मुरलीधर सेमवाल के नाम पर करने, जुरानी-ब्यूंग-मैखंडा मोटर मार्ग स्वीकृति देने के साथ ही जावरी-मोहनखाल मोटर मार्ग को शहीद फतेसिंह के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांगों को उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित होने वाले मेले हमारी धरोहर हैं। उन्होंने चार धाम मोटर मार्ग, रेल निर्माण सहित अटल आवास, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड आदि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही कहा कि समान नागरिकता कानून उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उल्लेखनीय है कि रुद्रप्रयाग जिले के बधाणीताल में हर वर्ष बैसाखी के पर्व पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है, लेकिन पिछले दो सालों से कोरोना महामारी के कारण मेला नहीं हो पाया। इस बार मेला समिति ने मेले को भव्य रूप देते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया। बधाणीताल पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक भरत सिंह चौधरी एवं मेला संयोजक महावीर सिंह पंवार ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल, विकासखंड जखोली प्रमुख प्रदीप थपलियाल, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, महावीर पंवार, विक्रम कंडारी, गिरवीर सिंह रावत, जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रधान, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

भ्रम फैला रहे कांग्रेस नेता-

बधाणीताल मेले में विधायक भरत सिंह चौधरी ने विपक्षी पार्टी के नेताओं पर करारा तंज कसा। उन्होंने कहा कि उनके एक मित्र, जो कांग्रेस से हैं। वे बहुत बड़े भ्रम में हैं। उनके मन में बहुत सारे भम्र हैं। कुछ भम्र रुद्रप्रयाग विधानसभा की जनता मिटा चुकी है फिर भी वे बाज आते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी के नेता ये अफवाह फैला रहे हैं कि सैनिक स्कूल को देहरादून में शिफ्ट किया जा रहा है। वे सिर्फ जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button