
लूट के लिए तैयार नहीं होने पर साथियों ने चंदन की गोली मारकर की हत्या
वाराणसी- 06 नवम्बर। सिगरा थाना क्षेत्र के कामायनी नगर कॉलोनी में स्थित छेदीलाल पार्क में दीवाली की रात शातिर अपराधी चंदन श्रीवास्तव को अवैध पिस्टल चलाते समय गोली नहीं लगी थी। वरन उसके गिरोह के साथियों ने लूट की घटना में शामिल होने से इनकार करने पर गर्दन में गोलीमार कर मौत के घाट उतार दिया था। शनिवार को सिगरा पुलिस ने वारदात में शामिल तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। गिरफ्तार बदमाशों महमूरगंज गिरिनगर एक्सटेंशन निवासी देवेश खेलवानी, पिशाचमोचन नई पोखरी निवासी सतीश पाल, सेनपुरा निवासी सचिन जायसवाल को मीडिया के सामने पेश किया गया।
डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर ने बताया कि वारदात के बाद मामले के खुलाशा और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सिगरा इंस्पेक्टर अनूप कुमार शुक्ला के नेतृत्व में थाने के क्राइम टीम प्रभारी प्रकाश सिंह, लल्लापुरा चौकी प्रभारी विजय प्रकाश यादव की संयुक्त टीम गठित की गई थी। छानबीन के बाद प्रकाश सिंह और विजय प्रकाश यादव ने तीनों आरोपियों को बादशाहबाग कॉलोनी स्थित पानी टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार सचिन जायसवाल ने बताया कि दीवाली की रात देवेश, सतीश और अमित के साथ वह चंदन के घर गया था। घर से चंदन को बुलाकर हम लोगों ने कहा कि चलो आज दिवाली है। कोई बड़ी लूट कर रुपयों का इंतजाम करते है। इसके बाद सभी लोग कामायनी नगर कालोनी स्थित छेदीलाल पार्क में गए। बातचीत के दौरान चंदन त्यौहार के दिन लूट की घटना में शामिल होने की जगह मना करने लगा। चंदन कहने लगा कि ऐसा कोई काम त्यौहार के दिन नही करना है, जिससे जेल जाना पड़े। इसी बात को लेकर चंदन की हम लोग से कहासुनी हुई तो चन्दन ने सभी को गाली देना शुरू कर दिया। तब सचिन ने चन्दन को डराने के लिए दो बार हवाई फायरिंग की। इसके बावजूद चंदन नहीं डरा और लूट के लिए तैयार नहीं हुआ तो उसको गोली मार दी। चंदन को छटपटाता देख हम लोग पिस्टल को कारतूस सहित उसी पार्क में लगे पत्तीनुमा प्लांट में छुपा कर रख दिया और इधर उधर हट बढ़ गये।
डीसीपी ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपित नई पोखरी निवासी जीतू उर्फ अमित सोनकर की तलाश की जा रही है। घटना में प्रयुक्त असलहा भी बरामद कर लिया गया है। बताते चलें कि पिशाचमोचन कॉलोनी निवासी अपराधी युवक चंदन श्रीवास्तव को उसके चार दोस्तों ने दिवाली की रात उसके घर से बुलाया। सभी ने साथ बैठ कर जमकर शराब पी और फिर कामायनी नगर कॉलोनी स्थित छेदीलाल पार्क में लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बातचीत करने लगे। इसी बीच अवैध पिस्टल से निकली गोली चंदन के गर्दन को आर-पार कर गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। चंदन के पिता गोपाल श्रीवास्तव की तहरीर के आधार पर सचिन जायसवाल, देवेश खेलवानी, सतीश पाल उर्फ सत्यपाल और अमित सोनकर उर्फ जीतू के खिलाफ सिगरा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।



