
लालू से राजद के नेताओं ने की मुलाकात,जेल मैनुअल का हो रहा उल्लंघन
रांची- 17 फरवरी। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को खराब स्वास्थ्य के मद्देनजर रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं, उन्हें 15 फरवरी की शाम से लाया गया था। ऐसे में राजद नेताओं की गतिविधि इस परिसर में बढ़ी हुई है। लालू से बेरोकटोक मुलाकात का दौर चल रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को लालू प्रसाद से झारखंड राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, युवा राजद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, इरफान अंसारी और एक व्यक्ति ने मुलाकात की।
इस संबंध में सदर डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि लालू की सुरक्षा में तैनात जवानों को सख्त आदेश दिए गए हैं। जेल मैनुअल का उल्लंघन बिल्कुल नहीं होना चाहिए। अगर जेल मैनुअल का उल्लंघन हो रहा है, तो उसकी जांच की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रिम्स के पेइंग वार्ड में तीन शिफ्ट मिलाकर 36 जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं। प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएमएफडी) भी लगाया गया है। बीते बुधवार को सदर डीएसपी प्रभात रंजन खुद यहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिए थे। जवानों को सख्त आदेश दिए थे कि जेल मैनुअल का उल्लंघन बिल्कुल नहीं होना चाहिए। हर आने-जाने वाले की गहन निगरानी होनी चाहिए।



