
रूस के येस्क में रिहायशी बिल्डिंग पर सुखोई-34 लड़ाकू विमान हुआ क्रैश
मॉस्को- 17 अक्टूबर। यूक्रेन पर लगातार रूसी हमले के बीच रूस के सुखोई-34 लड़ाकू विमान के क्रैश होने की खबर आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना पश्चिमी रूस के येस्क की है। रूसी सेना का यह विमान बहुमंजिला अपार्टमेंट पर क्रैश हुआ है। घटना की तस्वीर सामने आई है, जिसमें विमान के क्रैश होने से पहले एक पैराशूट के देखे जाने से लगता है पायलट बाहर निकल चुका था।
यह घटना सोमवार की शाम को हुई। माना जा रहा है कि क्रैश होने वाला फाइटर जेट सुखोई-34 है। येयेस्क शहर आज़ोव सागर के तट पर स्थित है। सागर के दूसरी ओर यूक्रेन का तट है।
ये विमान एक आवासीय फ्लैट पर गिरा है। विमान के गिरते ही एक भयानक आग का गोला दिखाई दिया है। विमान के धमाके से 9 मंजिला एक इमारत में आग लग गई।
रिपोर्ट के मुताबिक पूरे शहर की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और हेलीकॉप्टर इलाके में पहुंचे हैं। इस घटना में घायल और मृतकों के बारे में कोई जानकारी अभी नहीं हो सकी है। रिपोर्ट के अनुसार सुखोई-34 मीडियम रेंज फाइटर बॉम्बर विमान था जो पास के ही एक एयरफील्ड से ट्रेनिंग के लिए उड़ा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये क्रैश इंजन में आग लगने के कारण हुआ है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि आवासीय क्षेत्र के एक आंगन में ये विमान क्रैश हुआ है। दुर्घटनास्थल पर विमान के ईंधन में आग लग गई।’
एक स्थानीय मंत्री ने कहा कि इमारत के पांच मंजिल पूरी तरह आग की चपेट में आ गई हैं। सबसे ऊपरी अपार्टमेंट को नुकसान हुआ है। 45 अपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हुए हैं।
फाइटर जेट क्रैश होने के मामले में रूस ने गंभीरता दिखाते हुए आपराधिक जांच शुरू करने का फैसला किया है। देश की जांच समिति ने कहा है कि इस मामले की आपराधिक जांच की जाएगी।



