
रुड़की में पढ़ रहे बिहार के दो छात्र गंग नहर में डूबे
हरिद्वार-30 दिसम्बर। रुड़की स्थित आरसीई इंजीनियरिंग कॉलेज के 2 छात्र गुरुवार देर शाम सेल्फी लेते समय गंग नहर में डूब गए। उनके साथी तीसरे छात्र के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े,लेकिन छात्र तब तक गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों छात्र बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस के खोजी अभियान के बाद भी देर रात दोनों का कुछ पता नहीं चला।
कलियर शरीफ थाना के प्रभारी धर्मेंद्र राठी ने बताया कि बाजू हेड़ी गांव के समीप स्थित आरसीई कॉलेज के इंजीनियरिंग के तीन छात्र कमल चौधरी पुत्र अजय चौधरी उम्र 21 वर्ष निवासी पटना, आलोक पुत्र रवि शंकर उम्र 22 वर्ष निवासी पूर्वी चंपारण व प्रियस राज पुत्र अशोक कुमार उम्र 22 वर्ष निवासी मुजफ्फरपुर गुरुवार शाम गंग नहर पर घूमने गए थे। आलोक व कमल गंग नहर पर सेल्फी ले रहे थे, तभी दोनों असंतुलित होकर नहर में गिर गए। उनके साथी प्रियस राज ने दोनों को डूबते देख शोर मचाया। लोग बचाने को दौड़े भी मगर तब तक दोनों गहरे पानी में डूब गए थे। मौके पर पहुंची जल पुलिस ने खोजी अभियान चलाया,लेकिन देर रात तक दोनों का कुछ पता नहीं चला। घटना की सूचना कॉलेज के अधिकारियों के साथ परिजनों को दी गई है।



