बिहार

 राजद नेता का कुर्ता फाड़ना लोकतंत्र को शर्मशार करने वाला: गिरिराज सिंह

पटना- 19 अक्टूबर। केंद्रीय मंत्री और बिहार में बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के सांसद गिरिराज सिंह ने महागठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तंज कसा है। उन्होंने राजद के एक प्रत्याशी द्वारा किए गए कुर्ताफाड़ प्रदर्शन को लेकर लालू यादव पर भी कटाक्ष किया।

राजद नेता के लालू यादव-राबड़ी देवी के आवास के बाहर हुए कुर्ताफाड़ प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि यह सब लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला दृश्य है। महागठबंधन के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर पैसे के लेनदेन और खरीद-बिक्री के आरोप लग रहे हैं, जिससे कई उम्मीदवार फूट-फूटकर रो रहे हैं।

लालू यादव पर कटाक्ष करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू यादव जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन कर्पूरी ठाकुर की इमानदारी को भूल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर लालू जी गेट खोल देंगे, तो जो आक्रोश है, लोग उनका कुर्ता भी फाड़ देंगे। यह गांव की कहावत है ‘खेत खाए गधा, मार खाए जोलहा’।

उन्होंने कहा, “लालू जी, मैं आपसे निवेदन करूंगा, गेट मत खोलिएगा, नहीं तो आपका भी कुर्ता आपकी पार्टी के कार्यकर्ता फाड़ देंगे।

उन्होंने कहा, “महागठबंधन में जो स्थिति है, वह साफ बताती है कि अब जनता सब समझ चुकी है।” अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि “महागठबंधन में जो हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। कई दलों के ऊपर पैसे के लेनदेन के आरोप है। राजद, वीआईपी और अन्य दलों के नाम सामने आ रहे हैं। कुछ उम्मीदवार कपड़े फाड़कर रो रहे हैं। यह लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली स्थिति है।”

गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर पैसे से टिकट बंटेगा, तो आगे लोकतंत्र का क्या हाल होगा, यह सोचने वाली बात है। उन्होंने बिहार की जनता से अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को करारा जवाब दें। केवल एक विधानसभा में नहीं, बल्कि पूरे बिहार में यह संदेश दें कि लोकतंत्र बिकाऊ नहीं है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button