
रांची हिंसा मामले में CID ने 11 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
रांची- 10 सितम्बर। रांची के मेन रोड में बीते 10 जून को जुमे की नमाज के बाद उपद्रव, पत्थरबाजी और गोलीबारी मामले में सीआइडी ने शनिवार देर रात 11 नामजद आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। जिनपर चार्जशीट दाखिल की गई है, इनमें मोहम्मद अमजद, इरफान जुवेर आलम उर्फ इरफान अंसारी, मोहम्मद माज, अरमान हुसैन, सरफराज आलम, शहबाज, अफसर आलम, रमजान अली और तीन अन्य शामिल हैं। इनके अलावा चार्जशीट में उन दोनों मृतकों मुद्दस्सिर उर्फ कैफी और मोहम्मद साहिल के नाम भी शामिल हैं, जिनकी उपद्रव के दौरान गोली लगने से मौत हुई थी। सभी आरोपितों पर एक साजिश के तहत सुनियोजित तरीके से बवाल मचाने, सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश करने, शहर को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने का प्रयास करने और उन्हें उपद्रव से रोकने पहुंचे पुलिस अफसरों पर जानलेवा हमला करने के आरोपों की पुष्टि हुई है। सीआइडी ने अपनी चार्जशीट में आगे यह भी लिखा है कि अन्य आरोपितों के विरुद्ध अनुसंधान जारी है।



