
रांची हिंसा की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित
रांची- 11 जून। झारखंड सरकार ने जुमे की नमाज के बाद रांची के मेन रोड इलाके में हुई हिसंक घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसके लिए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
जांच समिति घटना के सभी पहलुओं की जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देगी। समिति में राज्य सरकार में सचिव डॉ अमिताभ कौशल और अपर पुलिस महानिदेशक संजय लाटकर शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद पर भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा और निष्कासित नवीन कुमार जिंदल के बयान के विरोध में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाला था। रांची के मेन रोड पर जुलूस को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने भी जमकर पथराव किया, जिसमें एसएसपी समेत 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी। गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई। रांची के कई थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू है। इंटरनेट सेवा भी निलंबित कर दी गई है। शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं।



