
रवीना टंडन की डेब्यू फिल्म ‘पत्थर के फूल’ के 31 साल पूरे
फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन की डेब्यू फिल्म ‘पत्थर के फूल’ ने आज अपनी रिलीज के 31 साल पूरे कर लिए हैं और इसके साथ ही रवीना टंडन ने भी बॉलीवुड में अपने 31 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर रवीना ने फिल्म से जुड़ी यादों को ताजा करते हुए फिल्म के कुछ पोस्टर्स सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा किये हैं। साथ ही उन्होंने सिनेमाघर की भी तस्वीर शेयर की है, जिसमें दर्शकों की भीड़ नजर आ रही है। इसके कैप्शन में रवीना ने लिखा-‘पत्थर के फूल के 31 साल पूरे!’
अनंत बलानी निर्देशित फिल्म पत्थर के फूल 22 फरवरी 1991 को रिलीज हुई थी। यह एक एक्शन फिल्म थी। इस फिल्म में रवीना टंडन के साथ सलमान खान लीड रोल में थे। फिल्म के अन्य किरदारों में किरण कुमार, रीमा लागू, विनोद मेहरा भी महत्वपूर्ण भूमिका में थे। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और फिल्म के गाने भी सुपरहिट हुए थे।



