
बेगूसराय- 18 दिसंबर। बेगूसराय जिला के नावकोठी थाना क्षेत्र से पांच दिसंबर को अपहृत बच्चे को बेगूसराय पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से ढूंढ निकाला है। साथ ही अपहरणकर्ता साधु को भी गिरफ्तार कर लिया है। बच्चा के मिलने से जहां परिजनों में खुशी है। वहीं पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मुख्यालय डीएसपी निशित प्रिया ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि पांच दिसंबर को नावकोठी थाना क्षेत्र के नावकोठी पावर हाउस,महावीर मन्दिर के समीप से मो.नाथो के छह वर्षीय पुत्र एहसान उर्फ छोटू का अपहरण कर लिया गया था। उक्त अपहृत की बरामदगी के लिए एसपी के निर्देश पर बखरी डीएसपी चंदन कुमार के नेतृत्व में नावकोठी थानाध्यक्ष राजीव रंजन, पुअनि खामस चौधरी,सअनि अनिल कुमार मिश्रा एवं सशस्त्र बल का एक छापेमारी दल का गठन किया गया था।

छापेमारी दल ने तकनीकी एवं मैनुअल अनुसंधान के आधार पर उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिला के कोतवाली भींगा थाना क्षेत्र के जोगनी स्थित राप्ती नदी के किनारे से मो. एहसान को बरामद किया गया है। मौके पर से श्रावस्ती जिला के कातवाली भींगा थाना क्षेत्र स्थित सुर्यबलिपूर्वा (जौगढ़) निवासी अपहरणकर्ता छोटकू यादव उर्फ पुजारी श्याम बाबा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत आज बेगूसराय जेल भेजा जा रहा है।
निशित प्रिया ने बताया कि अपहरण करने में शामिल उक्त पुजारी की शादी पांच साल पहले नावकोठी के छटाकी पंडित की लड़की से हिन्दु रीति रिवाज के साथ हुआ था, जिससे तीन बच्चे भी हुए थे लेकिन कुछ समय के बाद इनके साला नंदकिशोर पंडित एवं पत्नी गुलाबकली देवी के द्वारा मारपीट कर भगा दिया गया। उसके बाद पुजारी नावकोठी पावर हाउस के समीप स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी के रूप में पूजा-पाठ के नाम पर रह रहा था।
मंदिर के समीप अपहृत एहसान के पिता का चाय दुकान है, जहां पुजारी अक्सर आया करता था। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। उसी विवाद के कारण उक्त पुजारी ने बच्चे का अपहरण कर लिया था। डीएसपी ने बताया कि बच्चे की बरामदगी तथा अपहरणकर्ता की गिरफ्तारी के बाद मानव तस्करी समेत अन्य पहलुओं पर भी जांच-पड़ताल की जा रही है।



