
मोदी ने अपने मन की कहा, जनता के मन की कभी नहीं : कांग्रेस
रायपुर, 27 अप्रैल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि हर महीने मन की बात करने वाले मोदी को सरकार चलाते आठ साल से ज्यादा हो गए, 100वीं कड़ी भी पूरी होनी वाली है। लेकिन जनता के मन की बात करने का साहस मोदी कभी नहीं दिखा पाए। देश के युवाओं, किसानों, बेरोजगारों, व्यवसायियों, मजदूरों, छात्रों के मन की बात करने से मोदी क्यों डर जाते हैं। अपने 2014 और 2019 के चुनावी वायदों पर बात करने का समय कब आएगा ?
मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में असफल और नकारा साबित हुई है। अभी हाल ही में देश भर में हुई सर्वे में एक बात सामने आई है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों, रोजगार देने में असफलता, पेट्रोल डीजल में मनमाना एक्साइज ड्यूटी, रेल यात्रा का महंगा होना, सड़कों पर टोल टैक्स के दरों में वृद्धि एवं आवश्यक वस्तुओं पर भी लगाई गई जीएसटी के चलते आम लोगों के आय एवं बचत घटी है ।मुखिया को घर चलाने के लिए घर की आवश्यकताओं को पूर्ति करने के लिए 77 प्रतिशत तक के ऋण लेने पड़े हैं। मोदी मन की बात में इस पर भी बात कर लेते।
मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा के नेता बढ़ती महंगाई बढ़ती बेरोजगारी पर चर्चा करने से भाग रहे हैं, देश की जनता का मंहगाई से बुरा हाल है। केंद्र में बैठी सरकार मात्र दो लोग अडानी व अंबानी की आय बढ़ाने के लिए कर रही है। देश की अर्थव्यवस्था डूबने की कगार पर हैं। बैंक डूब रहे हैं, एलआईसी डूब रही है, सरकारी कंपनियां बिक रही हैं, आम लोगों के रोजगार छीने जा रहे हैं। महंगाई का प्रकोप घर-घर में दिख रहा है पर जवाब देने से बचने के लिए भाजपा के नेता धर्म से धर्म को लड़ा कर जात से जात को लड़ा कर वैमनस्यता फैलाकर राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं। इस पर चर्चा भी होनी चाहिए।



