
मैत्री पाइपलाइन से बांग्लादेश को डीजल आपूर्ति जारी, ऊर्जा उपलब्धता पर भी नजर: केन्द्र
नई दिल्ली- 10 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत ने स्पष्ट किया है कि वह बांग्लादेश को सीमा पार पाइपलाइन के जरिए डीजल की आपूर्ति जारी रखेगा।
सूत्रों ने बताया कि भारत ने मैत्री पाइपलाइन के माध्यम से बांग्लादेश को 5,000 टन डीजल की आपूर्ति शुरू कर दी है। यह आपूर्ति दोनों देशों के बीच हुए वार्षिक समझौते के तहत की जा रही है, जिसके अनुसार भारत हर साल लगभग 1.8 लाख टन डीजल बांग्लादेश को उपलब्ध कराता है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार देश में ईंधन की उपलब्धता और मांग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घरेलू जरूरतों पर किसी तरह का असर न पड़े।
उल्लेखनीय है कि भारत और बांग्लादेश के बीच ऊर्जा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। मैत्री पाइपलाइन के जरिए डीजल आपूर्ति को दोनों देशों के बीच आर्थिक और ऊर्जा साझेदारी को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।



