
मुस्लिमों के वोट के लिए सपा प्रमुख अखिलेश- जिन्ना के साथ ओसामा को बता सकते हैं अपना आदर्श: मंत्री नंदी गुप्ता
चित्रकूट-28 नवम्बर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के तत्वावधान में मुख्यालय के पुरानी कोतवाली परिसर में विशाल व्यापारी सम्मेलन सम्पन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि भाजपा सरकार में गुण्डे, अपराधियों ने सरेंडर कर दिया है। जो बचे थे वो जेल के अन्दर है। उन्होंने दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत के साथ यूपी में सरकार बनेगीं।
रविवार को आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदी गुप्ता ने सपा मुखिया पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों का वोट लेने के लिए अखिलेश यादव जिन्ना के साथ-साथ ओसामा बिन लादेन को अपना आदर्श बता सकते है। सपा-बसपा को जनता जवाब दे चुकी है। भाजपा पिछली बार से ज्यादा विधानसभा सीटो पर चुनाव जीतकर यूपी में सरकार बनायेगी।
कहा कि अखिलेश यादव का बचपना जग जाहिर है। अखिलेश थूक कर चाटने वाली कहावत को चरितार्थ करते है। यूपी जैसे बड़े राज्य का मुख्यमंत्री टोटी खोल कर ले जाये, देश के वैज्ञानिकों और कोरोना टीका पर सवाल खडे कर छोटी सोच को प्रदर्शित किया है। कहा कि मुलायम यादव ने वैक्सीन लगवाकर अखिलेश द्वारा फैलाये गये भ्रम को दूर किया। अखिलेश ने पांच साल मेहनत नहीं किया। पिता की बनाई गददी पर बैठकर लैपटाप पर गेम खेलते हुए बिता दिया। जमीन पर संघर्ष नहीं किया। प्रदेश की जनता को सब पता है, अब इनका भला होने वाला नहीं है। मोदी और योगी सरकार ने गुंडराज को समाप्त कर जनता के सपनों को पूरा करने का काम किया है। आज देश-प्रदेश का व्यापारी समाज अपने को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा ने कहा कि बसपा और सपा शासनकाल में व्यापारियों से बदमाश चौथ वसूलते थे। लेकिन योगी सरकार ने प्रदेश में गुंडों का सफाया कर दिया है। कहा कि 2022 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उनका दावा है कि प्रदेश के व्यापारियों ने यह संकल्प ले लिया है।
इसके अलावा कानपुर बुंदेलखंड अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि हिन्दूवादी विचारधारा को लेकर जन-जन के कल्याण के लिए मोदी योगी ने काम किया है। व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार व भारत सरकार द्वारा व्यापारी हित मे कई जनकल्याणकारी योजनाओं को चला कर सभी का विकास किया जा रहा है। व्यापारी मुद्रा योजना, स्वरोजगार योजना जैसी कई लाभ कारी योजनाओं से प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं बांदा-चित्रकूट सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने गुंडाराज का खात्मा कर व्यापारियों को भयमुक्त बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश का व्यापारी भाजपा के साथ है। आगामी 2022 के विधानसभा में यूपी में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक नरेन्द्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत वन्दन किया। भाजपा में ही व्यापारियों का हित है। भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश खरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मोदी-योगी के नेतृत्व में जनता के सहयोग से 2022 यूपी में 350 पार होगी। कार्यक्रम संयोजक शानू गुप्ता ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है। जिसने व्यापारियों व आम जन को रोजगार व सुरक्षा दिया है। सभी वर्गों के हितार्थ पार्टी निरंतर मोदी योगी के नेतृत्व में कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजेश जायसवाल ने किया।



