
मुझे जबरन गिरफ्तार किया गया: संजय राऊत
मुंबई- 9 नवंबर। शिवसेना (उबाठा) के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राऊत बुधवार शाम को आर्थर रोड जेल से रिहा कर दिए गए। जेल से रिहा होने बाद राऊत ने कहा कि उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने जबरन गिरफ्तार किया था।
बुधवार को मुंबई की विशेष कोर्ट ने अपने 122 पन्ने के संजय राऊत की जमानत आर्डर में संजय राऊत की गिरफ्तारी को बिना वजह की गई गिरफ्तारी बताया है। कोर्ट ने अपने फैसले में लिखा है कि इस मामले में असली आरोपितों की गिरफ्तार ईडी ने नहीं किया है। आज विशेष कोर्ट ने ईडी को एक तरह से जमकर फटकार लगाई है। इस मामले में ईडी ने संजय राऊत को विशेष कोर्ट से दी गई जमानत को हाई कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन हाई कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई गुरुवार को करने का निर्णय लिया है। ईडी के वकील एएसजी अनिल सिंह ने संजय राऊत की जमानत को स्थगित करने की भी मांग की थी, लेकिन जज भारती डांगे ने अनिल सिंह की मांग निरस्त कर दिया।
विशेष कोर्ट से जमानत मिलने के बाद संजय राऊत ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी को कोर्ट ने गलत बताया है। उन्हें न्यायदेवता पर पूरा विश्वास पहले भी था और अब जनता का विश्वास भी कोर्ट के प्रति बढ़ गया है। आर्थर रोड से रिहा होने के बाद संजय राऊत ने दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में जाकर दर्शन किया। उन्होंने कहा कि 102 दिनों तक शिवसेना और मुझ पर बहुत प्रहार किया गया। हनुमानजी ने हमें यह मुसीबत सहने की ताकत दी है। इसके बाद दादर स्थित बालासाहेब स्मारक पर जाकर स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे के स्मृति स्थल पर जाएंगे। वहां से संजय राऊत बांद्रा स्थित मातोश्री बंगले पर जाकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए जाने वाले हैं और वहां से राऊत भांडुप स्थित अपने मैत्री बंगले पर जाने वाले हैं।
दरअसल, संजय राऊत को ईडी ने गोरेगांव पत्राचाल घोटाला मामले में 31 जुलाई को गिरफ्तार किया था। इस मामले में संजय राऊत न्यायिक कस्टडी में थे। विशेष कोर्ट की ओर से संजय राऊत को जमानत दिए जाने का तीव्र विरोध ईडी के वकील एएसजी अनिल सिंह ने किया था। इसलिए कोर्ट ने दूसरे सेशन में फिर से ईडी के विरोध के बाद फिर से सुनवाई की और ईडी के विरोध को नामंजूर कर दिया था। इसके तत्काल बाद ईडी के वकील ने हाई कोर्ट में संजय राऊत की जमानत का विरोध करते हुए याचिका दाखिल की। इस मामले की जज भारती डांगे ने अपने चेंबर में ही सुनवाई की। जज भारती डांगे ने कहा कि इस मामले की सुनवाई को ईडी को इतनी जल्दी क्या है? मामले की सुनवाई कल भी हो सकती है। साथ ही जज भारती डांगे ने कहा कि विशेष कोर्ट का निर्णय पढऩे के लिए वक्त चाहिए। इसके बाद ईडी के वकील ने विशेष कोर्ट के फैसले पर रोक लगाने की मांग की, लेकिन जज ने ईडी के वकील की इस मांग को खारिज कर दिया।



