
मिथिला विश्वविद्यालय ने स्नातक परीक्षा के लिए जारी किया PM मोदी का फोटो लगा प्रवेश पत्र
दरभंगा- 10 सितम्बर। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा द्वारा स्नातक तृतीय खंड की परीक्षा के लिए जारी किए गए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) में बिहार के राज्यपाल फागू चौहान का फोटो प्रकाशित होने का मामला अभी थमा भी नहीं था कि शनिवार को एक छात्र के एडमिट कार्ड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोटो प्रकाशित हो गया, जो सोशल मीडिया में काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसको लेकर दरभंगा के साथ-साथ मधुबनी एवं बेगूसराय सहित अन्य जिलों में काफी चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
वहीं एडमिट कार्ड में व्याप्त गड़बड़ी को लेकर बेगूसराय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जीडी कॉलेज परिसर में आक्रोश मार्च निकाला। जिसमें कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पोस्टर लेकर भ्रमण किया। इस अवसर पर जिला संयोजक सोनू सरकार ने कहा कि आज कई छात्र-छात्राओं के एडमिट कार्ड में नरेन्द्र मोदी एवं महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर सामने आई है। इससे साफ जाहिर है कि मिथिला विश्वविद्यालय छात्र-छात्राओं के खिलाफ किसी भी कदम उठाने को तैयार है। विद्यार्थी परिषद ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है।



