
मां-बेटी की जोड़ी उड़ाती थी ज्वैलरी गिरफ्तार
नई दिल्ली- 12 जनवरी। मां-बेटी की खिलाड़ी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ज्वैलरी खरीदने के बहाने शोरूम पर जाती। वहां से चुपचाप जेवरात उड़ाकर रफूचक्कर हो जाती। इनके कपड़े पहनने के स्टाइल व बोलचाल से किसी को शक भी नहीं होता था। जाफराबाद के ज्वेलर के साथ इन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया तो पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपित मां-बेटी की जोड़ी को ढूंढ निकाला। इनकी पहचान अंबेडकर नगर निवासी कमला (56) और इसकी बेटी विमला (22) (दोनों का बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से ज्वेलर के यहां से चोरी किए गए सात जोड़ी टॉप्स बरामद किए हैं। जांच के दौरान पता चला है कि मां के खिलाफ पहले से तीन और बेटी के खिलाफ चोरी के दो मामले दर्ज हैं। जाफराबाद थाना पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त के संजय कुमार सैन ने बताया कि 31 दिसंबर को जाफराबाद के एक ज्वेलर ने दुकान में टॉप्स के बॉक्स चोरी होने की शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि उनकी दुकान पर दो महिलाएं आई थीं। वह दूसरे ग्राहकों को जेवरात दिखा रहे थे।
उसी दौरान दोनों ने उसका टॉप्स का बॉक्स चोरी कर लिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। पता चला कि दोनों महिलाएं एक स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंची थी। पुलिस ने उस स्कूटी के नंबर की जांच की।
स्कूटी अंबेडकर नगर के पते की मिली। बुधवार दोपहर को एक टीम को अंबेडकर नगर भेजा गया। वहां मां-बेटी को दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। महिला ने बताया कि दोनों बढ़िया कपड़े पहनकर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वारदात को अंजाम देते थे। पुलसि ने दोनों के पास से कुछ जूलरी भी बरामद की है। इनसे पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।



