
महाराष्ट्रः होमगार्ड डीजी परमबीर सिंह निलंबित
मुंबई- 02 दिसंबर। महाराष्ट्र होमगार्ड विभाग के महानिदेशक एवं मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह को अनुशासनहीनता और अन्य गड़बड़ियों की वजह से गुरुवार को निलंबित कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक परमबीर सिंह को लेकर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी देबाशीष चक्रवर्ती की रिपोर्ट के बाद राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया। चक्रवर्ती ने सिंह के खिलाफ सिविल सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में जांच की थी। इसके अलावा, राज्य के गृह विभाग ने उनके खिलाफ प्रशासनिक त्रुटियों के लिए भी विभागीय जांच शुरू की थी। गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने परमबीर सिंह को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी पत्रकारों को दी थी, जिस पर मुंख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को अंतिम निर्णय किया।
मुंबई और ठाणे में रंगदारी वसूली के मामले दर्ज होने के बाद से ही परमबीर सिंह फरार थे। कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इस दौरान वे करीब 234 दिनों तक राज्य गृह विभाग के संपर्क में नहीं थे। सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी से राहत मिलने पर सिंह विगत सोमवार को रंगदारी वसूली के मामलों में पूछताछ के लिए सीआईडी के समक्ष उपस्थित हुए थे।
उल्लेखनीय है कि परमबीर सिंह को मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटाकर होमगार्ड विभाग का महानिदेशक बना दिया था। इसके बाद परमबीर सिंह ने राज्य के तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये प्रतिमाह रंगदारी वसूलने का लक्ष्य देने का आरोप लगाया था।



