ताज़ा ख़बरें

महारानी एलिजाबेथ के अंतिम संस्कार में लंदन में 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना

लंदन- 18 सितंबर। लंदन में सोमवार को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 10 लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।

ट्रांसपोर्ट फॉर लंदन के प्रमुख एंडी बायफोर्ड ने रविवार को बताया कि आठ सितंबर को महारानी के निधन के बाद से लंदन में अतिरिक्त यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि सोमवार को परिवहन पर भार अत्यधिक बढ़ने वाला है।

रेल नेटवर्क के प्रमुख पीटर हेंडी ने कहा कि देशभर में लगभग 250 अतिरिक्त ट्रेन संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा, लंदन 2012 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के बाद से सोमवार को सबसे बड़ी संख्या में लोग परिवहन साधनों का सहारा लेंगे।

हीथ्रो हवाईअड्डे से संचालित होने वाली 100 से अधिक उड़ानों को रद्द किया गया है, ताकि सोमवार सुबह वेस्टमिंस्टर एबे में होने वाले अंत्येष्टि र्यक्रम के दौरान विमान के शोर का सामना नहीं करना पड़े। हवाईअड्डे की ओर से कहा गया है कि अंत्येष्टि कार्यक्रम के चलते सोमवार को उसकी 1,200 में से करीब 15 फीसदी उड़ानें प्रभावित होंगी।

महारानी के राजकीय अंतिम संस्कार से पहले सुबह साढ़े छह बजे वेस्टमिंस्टर हॉल को श्रद्धांजलि देने के लिए आ रही आम जनता के लिए बंद कर दिया जाएगा।

उनके अंतिम दर्शन करने के इच्छुक लोगों की कई मील लंबी कतार को देखते हुए रविवार शाम तक इसे और आगंतुकों के लिए बंद कर दिए जाने की संभावना है। इसका मकसद फिलहाल कतार में लगे सभी लोगों को सोमवार सुबह से पहले महारानी के ताबूत के अंतिम दर्शन करने का मौका देना है। सोमवार को महारानी के ताबूत को तोपगाड़ी से अंतिम संस्कार के लिए वेस्टमिंस्टर एबे ले जाया जाएगा।

लंदन पहुंच रहे हैं दुनिया भर के नेता

फौज महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार विश्व के नेताओं का सबसे बड़ा जमावड़ा भी होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति अंतिम संस्कार के लिए लंदन आ चुके हैं जबकि कई अन्य पहुंच रहे हैं। राजकीय अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में दुनिया भर से लगभग 500 राजघरानों, राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शनिवार शाम तीन दिवसीय यात्रा पर लंदन पहुंचीं। हजारों की संख्या में लोग लंदन में सर्द रात की परवाह किए बगैर संसद के वेस्टमिंस्टर हॉल में लाइंग इन स्टेट में रखे महारानी के ताबूत के अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस बीच, अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि लोगों को 17 घंटे इंतजार करना पड़ सकता है।

सुरक्षा व्यवस्था की अभूतपूर्व चुनौती

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार के दौरान दुनिया के तमाम हिस्सों से पहुंचने वाले शाही परिवार के सदस्यों और वैश्विक नेताओं के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के मद्देनजर लंदन में सुरक्षा व्यवस्था की अभूतपूर्व चुनौती है।

मेयर सादिक खान ने कहा कि सोमवार को होने वाला दिवंगत महारानी का राजकीय अंतिम संस्कार अभूतपूर्व सुरक्षा चुनौती है क्योंकि मध्य लंदन में हजारों लोग जुटे हैं जबकि दुनिया भर के शाही परिवार के सदस्यों के अलावा विभिन्न देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य नेता अतिथियों की 500 लोगों की सूची में शामिल हैं।

खान ने कहा, दशकों के बाद ऐसा मौका आएगा, जब वैश्विक नेता एक जगह पर एकत्र होंगे। कुछ ऐसे बुरे लोग हो सकते हैं, जो व्यक्तियों या हमारे कुछ वैश्विक नेताओं को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। मेयर ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उप सहायक आयुक्त स्टुअर्ट कंडी ने कहा कि लंदन बल के इतिहास में यह सबसे जटिल सुरक्षा अभियान होगा। उन्होंने कहा कि 10,000 से अधिक पुलिस अधिकारी सोमवार को ड्यूटी पर रहेंगे जबकि सैकड़ों स्वयंसेवी मार्शल और सशस्त्र बलों के जवान भी महारानी की अंतिम यात्रा के मार्ग पर तैनात रहेंगे।

अंत्येष्टि के सीधे प्रसारण के लिए सैकड़ो विशाल स्क्रीन लगी

लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सोमवार सुबह होने वाले राजकीय अंत्येष्टि कार्यक्रम के प्रसारण के लिए ब्रिटेन के विभिन्न पार्कों में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी। साथ ही कई सिनेमाघर भी कार्यक्रम के प्रसारण के लिए तैयारी कर रहे हैं। ब्रिटिश सरकार ने रविवार को यह जानकारी दी। महारानी का पार्थिव शरीर वेस्टमिंस्टर हॉल में रखा गया है और उनके अंतिम संस्कार की रस्में सोमवार सुबह वेस्टमिंस्टर एबे में होंगी। संस्कृति,मीडिया एवं खेल विभाग (डीसीएमएस) ने कहा कि सोमवार को ब्रिटेन में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है और अंत्येष्टि कार्यक्रम के लिए जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर लंदन में कई सार्वजनिक स्थान चिन्हित किए गए हैं।

विभाग ने कहा कि दिवंगत महारानी के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदर्शित करने के लिए रविवार रात आठ बजे सामुदायिक समूह, क्लब, अन्य संगठनों के अलावा घरों में भी आम लोगों को एक मिनट का मौन रखने को कहा जा रहा है। डीसीएमएस ने कहा, लंदन के हाइड पार्क, शेफील्ड के कैथेड्रल स्क्वायर, बर्मिंघम के सेंटेनरी स्क्वायर, कार्लिस्ले के बिट्स पार्क, एडिनबरा के होलीरूड पार्क और उत्तरी आयरलैंड में कोलेराइन टाउन हॉल समेत देश भर में विशाल स्क्रीन लगाई जाएंगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button