
मप्र में कोरोना के आठ नए मामले, 16 स्वस्थ हुए, 12 दिन से कोई मौत नहीं
भोपाल- 22 अक्टूबर। मध्यप्रदेश में कोरोना के नये मामलों में इन दिनों घट-बढ़ देखने को मिल रही है। यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 08 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 16 मरीज संक्रमण मुक्त होकर अपने घर पहुंचे हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 07 लाख, 92 हजार, 729 हो गई है। वहीं, राज्य में आज कोरोना से लगातार 12वें दिन कोई मौत नहीं हुई। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार देर शाम जारी कोरोना से संबंधित हेल्थ बुलेटिन में दी गई। बुलेटिन के अनुसार, आज प्रदेशभर में 53,517 सेम्पलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 08 पॉजिटिव और शेष रिपोर्ट निगेटिव आईं। पाजिटिव प्रकरणों का प्रतिशत 0.01 रहा। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 7,92,729 हो गई। नये मरीजों में भोपाल के 4 इंदौर के 2 तथा धार और नीमच के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। वहीं, राज्य में आज कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। यहां 12 दिन से मृतकों की संख्या 10,523 पर स्थिर है। प्रदेश में अब तक कुल 1,97,82,872 लोगों के सेम्पलों की जांच की गई। इनमें कुल 7,92,729 प्रकरण पाजिटिव पाए गए। इनमें से 7,82,126 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें से 16 मरीज शुक्रवार को स्वस्थ हुए। अब यहां सक्रिय प्रकरणों की संख्या 80 है।
इधर, प्रदेश में 22 अक्टूबर को 02 लाख, 36 हजार, 763 लोगों का टीकाकरण किया गया। इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक वैक्सीन के 6 करोड़ 80 लाख 81 हजार 265 डोज लगाई जा चुकी है।



