
मकान में चल रहा था सट्टा, पुलिस ने मारा छापा, 17 गिरफ्तार
नई दिल्ली-27 दिसंबर। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित एक मकान में सट्टा चल रहा था। इसकी सूचना पुलिस को मिली तो गोविंदपुरी थाना पुलिस ने मकान पर छापेमारी कर 17 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। कम आमदनी के कारण पकड़े गए सभी लोग सट्टे में हाथ आजमाकर अपनी किस्मत चमकाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने आरोपितों के पास से 33 हजार रुपये व बाकी सामान बरामद किया है। सभी आरोपित नौकरीपेशा हैं। गोविंदपुरी थाना पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
दक्षिण-पूर्व जिले की डीसीपी ईशा पांडेय ने सोमवार को बताया कि शनिवार को गोविंदपुरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि तुगलकाबाद के एक मकान में सट्टा खेला जा रहा है। सूचना के बाद फौरन एक टीम बनाकर वहां छापेमारी कर 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान हिमांशु बत्रा, भरत बत्रा, पंकज बत्रा, रोहित, मो. फारूक, इश्तियाक, इकरार, सिराज, फूलमोहम्मद, मुन्ना अंसारी, फिरोज अंसारी, गुलफाम, रवि, तुरुण, निसार, आजाद और सुखदेव के रूप में हुई है।
आरोपितों के पास से सट्टा खिलाने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री, कैश व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित कब से मकान में सट्टा खेल रहे थे।



