
ब्राह्मण समाज के बढ़ते आंदोलन काे लेकर बढ़ाई गयी मांझी के आवास की सुरक्षा
पटना- 22 दिसंबर। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी के सुप्रीमो और प्रदेश के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।ब्राह्मण समाज में बढ़ते आक्रोश के मद्देनजर ऐसा किया गया है।मांझी के बयान के विरोध में बिहार के विभिन्न जिलों में आक्रोशित ब्राह्मणों का धरना-प्रदर्शन जारी है। जगह-जगह मांझी का पुतला दहन किया जा रहा है ।
इस क्रम में बुधवार को कुछ ब्राह्मण संगठनों ने मांझी के पटना स्थित आवास पर प्रदर्शन और पूजा पाठ करने की घोषणा की थी। इसे देखते हुए बिहार पुलिस ने मांझी के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
मांझी के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात हैं। पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है । किसी प्रकार के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से चाक चौबंद नजर आ रही है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आसपास बैरिकेडिंग की तैयारी रखी गई है। स्थानीय थाने के बड़े अधिकारी खुद पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि मांझी ने इसी सप्ताह ब्राह्मण समाज के लोगों के प्रति हरामी शब्द जो गाली होता है का प्रयोग किया था।हालांकि उन्होंने इसके लिए माफी मांगी थी लेकिन उनकी टिप्पणी के खिलाफ राज्य के ब्राह्मण समुदाय का गुस्सा थमता नजर नहीं आ रहा है।



